डॉ. कमलेश भारद्वाज
नई दिल्ली। कांग्रेस भाजपा सरकार को लगातार घेरने की कोशिश कर रही है। ताजा मामला फोन हैक करने का है। व्हाट्सएप हैक को लेकर उठे विवाद के बीच कांग्रेस ने कहा कि प्रियंका गांधी का मोबाइल भी हैक हुआ था। पार्टी ने कहा कि जिनके फोन हैक किए गए थे, उन्हें व्हाट्सएप ने मैसेज भेजे थे। ठीक वैसा ही मैसेज प्रियंका गांधी को भी आया था।
हालांकि इस मैसेज में फोन हैक किए जाने जैसी कोई जानकारी नहीं थी। लेकिन कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि व्हाट्सएप ने जैसा मैसेज प्रियंका गांधी को भेजा था, वैसा ही मैसेज राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता प्रफुल्ल पटेल और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी भेजा गया था। दोनों ही नेताओं ने हाल ही में सरकार पर मोबाइल फोन को हैक कराने का आरोप लगाया था। सुरजेवाला ने कहा कि व्हाट्सएप ने सरकार को फोन हैक होने की जानकारी अप्रैल और मई 2019 में ही दी थी। इसके बावजूद सरकार इस पर चुप्पी साधे बैठी रही। इस बीच सितंबर में आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने व्हाट्सएप और फेसबुक के उपाध्यक्ष और सीईओ से मुलाकात भी की, लेकिन इसे लेकर कोई चर्चा नहीं की।
भाजपा को भारतीय जासूस पार्टी बताते हुए सुरजेवाला ने कहा कि देश के विपक्षी राजनीतिक दलों के नेताओं, पत्रकारों और प्रबुद्ध लोगों के मोबाइल फोन को टेप करवाया जा रहा है। जो निजता का पूरी तरह से हनन है। शनिवार को कांग्रेस के महासचिवों की हुई उच्च स्तरीय बैठक में भी इसकी चर्चा हुई है। कांग्रेस ने इस दौरान इस पूरे मामले की गृह और दूरसंचार मंत्रालय की संसद की स्थाई समितियों से जांच कराने की मांग की है।


Leave a Reply