राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। राष्ट्रीय कैंसर जागरुकता दिवस पर सामाजिक संगठन महिला उन्नति संस्था (भारत) द्वारा शारदा स्कूल ऑफ नर्सिग शारदा यूनिवर्सिटी में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था के संस्थापक डॉ. राहुल वर्मा ने बताया कि कैंसर एक घातक जानलेवा बीमारी का रूप धारण कर चुका है। इसने आज पूरे विश्व को अपनी चपेट में ले लिया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की एक रिपोर्ट के मुताबिक हर वर्ष 85 लाख मौतें कैंसर से होती है। भारत में लगभग पांच लाख लोग इसके शिकार होते हैं। यहां मुख्यत: मुंह का कैंसर अधिक होता है। इसका एकमात्र कारण तम्बाकू का सेवन करना है।
गोष्ठी में शारदा नर्सिग की प्रिन्सिपल श्रीमती पॉलिन शर्मिला ने अपने विचार रखते हुए कहा कि कैंसर से बचने का एकमात्र उपाय समय पर कैंसर की पहचान कर उसका नियमित इलाज कराना है। इसके लिये शासन-प्रशासन द्वारा नुक्कड़ नाटक और स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों को कैंसर के प्रति ज्यादा से ज्यादा जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होने बताया कि महिलाओं में आजकल स्तन कैंसर के मामले बढ़ रहे हैं। शरीर के किसी भी हिस्से में गांठ होने पर तत्काल उसकी जांच करानी चाहिए, ताकि समय रहते कैंसर की पहचान की जा सके। गोष्ठी के अंत में छात्रओं को केंसर के लिए जागरूक किया गया। इस अवसर पर डॉ. शिल्पी मित्तल, डॉ. रेखा, डॉ. देविका आदि उपस्थित रहीं और अपने-अपने विचार रखे।


Leave a Reply