पटना। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या मामले में नया मोड़ आ गया है। मंगलवार को सुशांत के पिता केके सिंह ने पटना के राजीव नगर थाने में दफा 341, 342, 380, 406, 420, 306 के तहत मामला दर्ज कराया है। पटना पुलिस ने इस मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।इसके लिए बिहार पुलिस के अधिकारियों की एक टीम मुंबई पहुंच गई है।
केके सिंह ने कुछ फिल्मी हस्तियों पर सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। साथ ही सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती पर सुशांत के बैंक खाते से 17 करोड़ रुपये निकालने का आरोप लगाया है। इसके अलावा भी उन्होंने सुशांत आत्महत्या मामले में पुलिस को कई अहम जानकारियां दी हैं। एसएसपी उपेंद्र शर्मा ने जांच के लिए चार पुलिस अधिकारियों की एक टीम गठित कर मुंबई भेज दी है। चारों पुलिस अधिकारी मुंबई पहुंच गए हैं, जहां वे मुंबई पुलिस की मदद से इस मामले की जांच करेंगे।
उल्लेखनीय है कि 14 जून को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। इसके पीछे मुख्य वजह डिप्रेशन बताई जा रही है। लेकिन सूत्रों के मुताबिक सुशांत के परिवार ने पुलिस अधिकारियों को जो बयान दिया है, उसके अनुसार वह डिप्रेशन में नहीं थे। सुशांत से रोज बातें होती थीं। हाव-भाव से ऐसा नहीं लगता था कि वे डिप्रेशन में थे। फिलहाल, सुशांत की मौत के बाद से लगातार इस मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की जा रही है।


Leave a Reply