राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददता
गाजियाबाद। प्लास्टिक से बढ़ने वाला प्रदूषण समाज के लिए एक चुनौती बनता जा रहा है। जिससे निपटने के लिए रिपब्लिक क्रांसिंग की समाजसेवी संगीता सिह करीब डेढ़ साल से लगातार मुहिम चला रही हैं। इस अभियान के तहत संगीता सिंह दिल्ली एनसीआर की अधिकतर सोसाइटियों में अपनी टीम के साथ जाकर लोगों को जागरूक करती हैं। वे लोगों को प्लास्टिक प्रदूषण से पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताती हैं। उनसे वचन लेती हैं कि आगे वे भी अपने परिवार और पड़ोसियों को इसके लिए जागरूक करेंगे।
उल्लेखनीय है कि दुनियाभर में फैल रहे प्रदूषण की सबसे बड़ी वजहों में से एक प्लास्टिक है। इससे हम हर पल घिरे रहते हैं। बच्चों के खिलौनों से लेकर, रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजों तक में प्लास्टिक का प्रयोग होता है। अधिकतर प्रोडक्ट प्लास्टिक की पैकिंग या फिर प्लास्टिक के डिब्बों (शैम्पू आदि) में आते हैं। आमतौर पर लोग प्लास्टिक के खाली डिब्बों एवं पन्नियों को कूड़े में फेंक देते हैं। कूड़े में फेंके जाने पर प्लास्टिक की पन्नियों और खाली डिब्बों का ठीक प्रकार से निस्तारण नहीं हो पाता है, जिससे आगे चलकर प्लास्टिक के डिब्बे पर्यावरण को प्रदूषित करते हैं और अब पूरी दुनिया के लिए प्लास्टिक पर्यावरण का सबसे बड़ा दुश्मन बन चुका है।
संगीता सिंह ने ‘मुस्कान’ नामक एक टीम बना रखी है। उनकी टीम की अधिकतर महिलाएं पर्यावरण को साफ और सुरक्षित रखने में अभियान चला रही हैं। खुद संगीता सिंह कहती हैं, “पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा, तभी गाजियाबाद के लोगों के चेहरों पर ताजगी भरी मुस्कान आएगी। लेकिन इसके लिए हम सभी को प्लास्टिक के कचरे के प्रति गंभीर होना होगा।” उन्होंने यह भी कहा कि प्लास्टिक से निजात पाने और हमारे अभियान को आगे बढ़ाने में सभी स्कूलों को भी आगे आना होगा। बच्चे हों या आम व्यक्ति, हर किसी को इस मुहिम में शामिल होना चाहिए।
ज्ञात हो कि गाजियाबाद में प्लास्टिक प्रदूषण कम करने के लिए ‘सेव अर्थ मिशन’ नामक संस्था काम कर रही है, जिससे 178 रेसीडेंशीयल सोसाइटियां जुड़ी हुई हैं। संगीता सिंह के प्रयास से सोसाइटियों के अधिकतर लोग प्लास्टिक इक्कठा करके रीसाइक्लिंग के लिए आईपीसीए को दे रहे हैं जो कि प्लास्टिक को रीसायकल कर विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार करते हैं। साथ ही इससे प्लास्टिक पर्यावरण भी कम हो रहा है। संगीता सिंह के साथ उनकी इस मुहिम में संतोष, अर्चना, तनु, रीना आदि लगातार काम कर रही हैं और इन्हें पूरा विश्वास है कि आगे और भी लोग उनसे जुड़ेंगे।
अप्रैल में मिलेगा अवार्ड
सामाजिक उत्थान के लिए देश की अग्रणी संस्था ‘समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन ने समाजसेवी संगीता सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए ‘नारी प्रतिभा सम्मान’ से उन्हें नवाजने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि अप्रैल में होने वाले एक भव्य सम्मान समारोह में संगीता सिंह को प्रदूषण के खिलाफ मुहिम चलाने के लिए यह अवार्ड दिया जाएगा।


Leave a Reply