राष्ट्रीय गौरव के साथ पीआईआईटी में मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क-3 स्थित प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इनोवेटिव टेक्नोलॉजी (पीआईआईटी) में 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि कुमाऊं गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर बीएस राजपूत ने परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का नेतृत्व किया। राष्ट्रीय गौरव व उल्लास के वातावरण में झंडा फहराते ही संस्थान परिसर में राष्ट्रगान ‘जन गण मन…’ की मधुर धुन गूंजी और चेयरमैन प्रोफसर (डॉ.) भरत सिंह, निदेशक प्रोफेसर आरके शाक्य व सहायक निदेशक एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने पूरी निष्ठा के साथ तिरंगे को सलामी दी, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया।
सोमवार, 26 जनवरी को कान्फ्रेंस हाल में मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। चेयरमैन डॉ. भरत सिंह ने सभी को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने संविधान को ‘राष्ट्र प्रथम’ का दस्तावेज बताते हुए कहा कि यह देश का सर्वोच्च मार्गदर्शक है। संकट के समय देश का सबसे बड़ा संबल है। यह हमारे संकल्पों को आगे बढ़ाने में मददगार होगा।
चेयरमैन डॉ. भरत सिंह ने संविधान शिल्पी बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और क्रांतिकारियों के सिरमौर नेताजी सुभाष चंद्र बोस समेत देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले भारत के महान सपूतों की स्मृतियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के संविधान को दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में स्थापित करने में सबसे बड़ी भूमिका का निर्वहन किया है।


निदेशक आर. के. शाक्य ने गणतंत्र का इतिहास बताते हुए कहा कि आज हमें चुनौतियों का सामना डटकर करना होगा। इसके लिए एकजुट होकर सही निर्णय लेने की आवश्यकता है, तो संस्थान के सहायक निदेशक डॉ जितेन्द्र बच्चन ने भारतीय संविधान को समष्टि के भाव के साथ जोड़ने की प्रेरणा देने वाला बताते हुए कहा कि इन 76 वर्षों की लंबी यात्रा में देश के संविधान ने अनेक उतार-चढ़ाव देखे हैं। इसके बावजूद ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्पों के अनुरूप प्रत्येक भारतवासी के गौरव, भारत की एकात्मता और अखंडता के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए देश आगे बढ़ रहा है। आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं!


संस्थान की प्रमुख मिथलेश सिंह और जागेश सिंह मैम ने वंदे मातरम गीत प्रस्तुत कर नवउर्जा का संचार कर दिया। जबकि लक्ष्मी प्रिया ने स्वरचित कविता सुनाकर देशभक्ति, संविधान, अनुशासन, समर्पण व साहस का संदेश दिया, तो वहीं अंकिता जायसवाल ने देश के शहीदों पर आधारित गीत गाकर सभी को भावुक कर दिया। मुख्य अतिथि प्रोफेसर बीएस रावत ने इस अवसर पर आशीर्वाद देते हुए कहा कि पीआईआईटी की आज जो भी उपलब्धियाँ हैं, वे संस्थान के संकाय सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और मेहनत का परिणाम हैं। गणतंत्र दिवस का यह अवसर संस्थान के लिए नई ऊर्जा और नए संकल्प लेकर आया है। इस अवसर पर सभी विभागों के प्रमुख व कर्मचारी उपस्थित थे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*