CM याेगी की उपस्थिति में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने फहराया तिरंगा

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
लखनऊ। सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस पर राजधानी लखनऊ में विधान भवन के सामने मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। परंपरा के अनुसार राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राष्ट्रध्वज फहराया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित अन्य गण्यमान्य अतिथियों की उपस्थिति में परेड की सलामी ली। इस दौरान हेलीकाप्टर से पुष्पवर्षा और देशभक्ति के गीतों से पूरा परिसर गणतंत्र दिवस के रंग में रंगा नजर आया।
समारोह में प्रस्तुत परेड ने अनुशासन, समर्पण व साहस का संदेश दिया। भारतीय थल सेना की विभिन्न रेजिमेंटों की टुकड़ियों और उनके ब्रास बैंड के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, पीएसी की 32वीं एवं 35वीं वाहिनी, महिला पीएसी बल, प्रांतीय रक्षा दल तथा एनसीसी कैडेटों ने सधी हुई कदमताल के साथ मार्च किया। इस वर्ष विशेष रूप से शामिल हरियाणा पुलिस के दस्ते ने अंतर-राज्यीय सहयोग और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक प्रस्तुत किया।
शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की सहभागिता समारोह का प्रमुख आकर्षण रही। उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल, लखनऊ के ब्रास बैंड समेत सेंट जोसेफ कॉलेज की छात्राओं, अटल आवासीय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तथा विभिन्न राजकीय एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ मार्च पास्ट किया। सीएमएस अलीगंज द्वारा प्रस्तुत ‘शिक्षित बेटियां’थीम और सीएमएस गोमतीनगर के बैंड द्वारा बजाई गई ‘सारे जहां से अच्छा’धुन को दर्शकों ने विशेष सराहना दी। ‘हम होंगे कामयाब’, ‘कदम कदम बढ़ाए जा’ और ‘वंदेमातरम’ जैसे गीतों के बीच पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से ओतप्रोत दिखाई दिया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*