राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। सेक्टर -14 स्थित आरडब्ल्यूए कल्ब में मानवता को समर्पित ‘दीदी की रसोई’ ट्रस्ट ने शुक्रवार को दीपावली मिलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया। समारोह के मुख्य अतिथि नोएडा के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) प्रवीण कुमार सिंह थे। कार्यक्रम में समाजसेवा के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। साथ ही सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने ट्रस्ट के द्वारा किए गए अब तक के बेहतरीन कार्यों के लिए उत्सव मनाया।
मुख्य अतिथि प्रवीण कुमार सिंह ने ट्रस्ट के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा, “हमें गर्व है कि श्रीमती रितु सिन्हा जो दीदी की रसोई ट्रस्ट की अध्यक्ष भी हैं, लगातार दो दशक से भी अधिक समय से समाजसेवा के कार्य में लगी हैं। हमें उम्मीद है कि आप भविष्य में और अधिक साहस, समर्पण व विनम्रता के साथ मानवता की सेवा में लगी रहेंगी। इस मानवीय कार्य में उत्तर प्रदेश पुलिस हमेशा आपके साथ है।”
शुक्रवार, 17 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती रितु सिन्हा, महासचिव सुरेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष भरत महापात्रा और टीम के तमाम सदस्य मौजूद रहे। इन सभी ने दीपक गोस्वामी, प्रदीप चौहान, सुनील गोयल, अनिल कुमार, जीत सिंह अवाना और सतीश नारायण शर्मा को ट्रस्ट अवार्ड से नवाजा। रितु सिन्हा ने उपस्थित सभी सम्मानितजनों, मुख्य अतिथि प्रवीण कुमार सिंह व मीडिया के प्रतिनिधियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आप लोगों ने अपना बहुमूल्य समय निकालकर ट्रस्ट के कार्यक्रम में शिरकत की, इसके लिए हम आपका हृदय से धन्यवाद करते हैं।


Leave a Reply