यूपीटीईटी-2019: बारिश और जाम से हजारों की परीक्षा छूटी

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा बुधवार को शांति पूर्वाक सम्पन्न हुई। परीक्षा के लिए स्कूलों में अवकाश करने के निर्देश के बाद भी तमाम कांवेंट स्कूल खुले रहे। साथ ही कार्य दिवस होने के कारण कई शहरों में भीषण जाम लग गया। इससे हजारों अभ्यर्थियों की परीक्षा छूट गई। कई जिलों में बारिश ने भी खलल डाला। प्रदेश भर के सभी जिलों में इम्तिहान दो पालियों में हुई। प्राथमिक स्तर की परीक्षा सुबह 10 से 12.30 बजे तक 1986 केंद्रों पर और उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा दोपहर बाद 2.30 से 5 बजे तक 1063 केंद्रों पर हुई। परीक्षा के दौरान एसटीएफ ने प्रयागराज में बड़ी सफलता प्राप्त की है। एसटीएफ ने पेपर आउट कराने वाले हाईटेक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास लाखों रुपये नकदी व अन्य सामग्री बरामद हुई है।  उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2019 बुधवार को सुबह दस बजे शुरू हुई। कई जिलों में मंगलवार देर रात से हो रही बारिश सुबह कुछ समय के लिए थमी, लेकिन अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक भीगते-भीगते ही पहुंचना पड़ा। परीक्षा केंद्रों पर दो स्तर पर अभ्यर्थियों के कागजातों की जांच की गई। जिन अभ्यर्थियों के पास एडमिट कार्ड व पहचान पत्र के साथ बीएड या अन्य प्रशिक्षण की मूल मार्कशीट या फोटोकॉपी की अटेस्टेड प्रति नहीं थी, उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। एसटीएफ ने पेपर आउट कराने वाले हाईटेक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए प्रयागराज के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र से मुख्य सरगना समेत कॉलेज प्रबंधक, दलाल, सॉल्वर, मोबाइल एवं सिम डीलर सहित सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य सरगना संजय उर्फ रमेश उर्फ राकेश सिंह, कॉलेज प्रबंधक पंचम लाल आश्रम इंटर कॉलेज धूमनगंज चंद्रमा सिंह यादव, अश्वनी कुमार श्रीवास्तव, अमित यादव, राजेन्द्र कुमार यादव, विनोद कुमार साह और राजेश मिश्रा शामिल हैं। इनके कब्जे से 180 मोबाइल फोन, 220 प्री एक्टीवेटेड सिम, एक ब्लूटूथ स्पीकर डिवाइस, दो लग्जरी कार, 4,11,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही आगरा और अलीगढ़ में परीक्षा के दौरान एक-एक संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। एसटीएफ ने गाजीपुर के छावनी लाइन स्थित बुद्धम शरणम इंटर कॉलेज में परीक्षा में नकल कराने के आरोप में प्रिंसपल सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए प्रिंसपल पारस सिंह पर आरोप है कि वह अभ्‍यर्थियों के पेपर हल करवा रहे थे। कई जिलों में अभ्यर्थी बिना किसी फोटो पहचान पत्र के ही पहुंच गए थे, उन्हें भी परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं मिली।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*