राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
पटना। सीएए के पक्ष में लोगों को जागरूक करने के लिए देश के गृहमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह दुनिया के पहले लोकतंत्र लिच्छिवी गणतंत्र की राजधानी रही वैशाली पहुंचे और विशाल जनसभा को संबोधित किया। गुरवार को उन्होंने दोटूक कहा कि बिहार में भाजपा-जदयू का गठबंधन अटूट है और बिहार में नीतीश के नेतृत्व में ही विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा।
अमित शाह ने बयानबाजी देने वाले नेताओं से धमकी भरे लहजे में कहा कि जो लोग गठबंधन और एनडीए के नेता को लेकर भ्रम फैला रहे हैं। उनसे मैं साफ कह देना चाहता हूं कि इसमें कहीं कोई संशय नहीं है। इसे लेकर कुछ कहने या सुनने की जरूरत नहीं है। शाह ने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने जंगलराज से बिहार को मुक्त किया। उन्होंने कहा कि अब बिहार में कोई हमारे गठबंधन में सेंधमारी नहीं कर पाएगा।
उन्होंने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनआरसी) के बारे में बताते हुए कहा कि ये कानून लोगों के हित के लिए है और तमाम विपक्षी पार्टियां इसे लेकर भ्रम फैला रहे हैं, इसे लोगों को समझना चाहिए। अमित शाह ने कांग्रेस के राहुल गांधी, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बैनर्जी और दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा।
उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी के साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल जेडीयू सुप्रीमो व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एनआरसी के खिलाफ हैं। उन्होंने राज्य में इसे लागू नहीं करने की घोषणा की है। दूसरी ओर बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह सीएए व एनआरसी के समर्थन में देशभर में घूमकर लोगों को इसकी बारीकियों से अवगत करा रहे हैं। इसके पहले वे दिल्ली, जोधपुर, गांधीनगर और जबलपुर में जनसभाएं कर चुके हैं। वैशाली में आज की जनसभा अमित शाह की ऐसी पांचवी जनसभा थी। वैशाली की जनता गृह मंत्री अमित शाह के स्वागत को आतुर दिखी। शाह की हुंकार की सोचकर ही बीजेपी समर्थक रोमांचित हो रहे थे। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय की मेजबानी में पहली बार बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह वैशाली आए थे। पार्टी ने गृह मंत्री की अगवानी में समाजवादियों की धरती को केसरिया झंडा, होर्डिंग और बैनर से पाट भगवामय बना दिया था। दरअसल, सीएए व एनआरसी का विरोध करने वाले राजनीतिक दलों और संगठनों को जवाब देने के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और बीजेपी ने रणनीति बनाई। इसी कड़ी में सरकार के मंत्री और पार्टी के आला नेता देशभर में जनसभाएं कर जनता को नए कानून की बारीकियों से रूबरू करा रहे हैं। इसी सिलसिले में अमित शाह वैशाली पहुंचे। वैशाली में अमित शाह की जनसभा को लेकर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि राष्ट्रविरोधी ताकतों को अमित शाह आईना दिखाएंगे और भविष्य के लिए खबरदार करेंगे। अमित शाह को सुनने के लिए वैशाली के इर्द-गिर्द के जिलों से भी भारी जुटान हुई। बीजेपी और सहयोगी संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता भी सभा में पहुंची। जनसभा के प्रचार-प्रसार की गूंज दूर-दूर तक सुनाई दे रही थी। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय स्वयं हफ्ते भर से वैशाली में कैंप किए हुए थे। व्यवस्था चाक-चौबंद रहे, इसकी सख्त हिदायत दी गई थी। पुराने झंडों की जगह नए झंडे लगाए गए थे। बिहार बीजेपी के संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ अंतिम क्षणों की तैयारियों में जुटे रहे।


Leave a Reply