प्रिया राय आत्महत्या कांड में अमिताभ ठाकुर गिरफ्तार, आईपीएस अमित पाठक के निलंबन की तैयारी!

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
लखनऊ। मऊ के घोसी से बहुजन समाज पार्टी के सांसद अतुल राय पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में जबरिया रिटायर आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को शुक्रवार को लखनऊ में गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही यह भी खबर मिल रही है कि आईपीएस अमित पाठक इसी मामले में निलंबित किए जा सकते हैं। अमिताभ ठाकुर को थाना हजरतगंज कोतवाली में रखा गया है, जहां वह लगातार हंगामा कर रहे हैं। उनकी पत्नी नूतन ठाकुर भी इस दौरान हजरतगंज कोतवाली पहुंच गई हैं।
उल्लेखनीय है कि पीड़िता ने दिल्ली में आत्मदाह से पहले इस मामले में इंटरनेट मीडिया पर जारी बयान में पूर्व आईपीएस को माफिया मुख्तार अंसारी के इशारे पर बचाने का आरोप लगाते हुए मानसिक शोषण के साथ न्याय से वंचित करने का आरोप लगाया था। बसपा सांसद अतुल राय पर आरोप लगाने वाली पीड़िता के मामले में हुई एसआईटी जांच की रिपोर्ट के आधार पर पूर्व आईपीएस की गिरफ्तारी हुई है। पीड़िता ने मुख्तार अंसारी की शह पर दुष्कर्म के आरोपी अतुल राय को बचाने के लिए पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर के ऊपर आपराधिक षड्यंत्र रचने का आरोप था। जांच में यह सही पाए जाने पर हजरतगंज पुलिस ने शुक्रवार, 27 अगस्त को पूर्व आईपीएस को उनके आवास से गिरफ्तार किया है। साथ ही यह भी खबर मिल रही है कि गाजियाबाद के एसएसपी रहे अमित पाठक इसी मामले में निलंबित किए जा सकते हैं।
ज्ञात हो कि बीते दिनों नई दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के बाहर पीड़िता ने आत्मदाह कर लिया था। आत्मदाह मामले की जांच करने वाली एसआईटी ने अमिताभ ठाकुर के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसके बाद से उनके घर के बाहर लगातार पुलिस तैनात थी। आखिरकार एफआईआर दर्ज होने के बाद आज अमिताभ ठाकुर को गोमतीनगर में उनके घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया। उनको दुष्कर्म पीड़िता को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। इनके खिलाफ मुख्तार अंसारी की शह पर दुष्कर्म के आरोपी अतुल राय को बचाने के लिए पीड़िता ने आपराधिक षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया था।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*