PIIT ग्रेटर नोएडा में अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी मनाई गई

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। ग्रेटर नोएडा स्थित पीआईआईटी कॉलेज में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी मनाई गई। भाषण, कविता पाठ, विचार गोष्ठी व श्रद्धांजलि के माध्यम से अटल जी के राष्ट्रसेवा से परिपूर्ण जीवन को स्मरण किया गया। चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह ने उनकी प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर आदरणीय अटल जी की पुण्य स्मृतियों को नमन किया।
प्रोफेसर सिंह ने कहा कि अटल जी का आचरण, शालीनता, वैचारिक दृढ़ता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प भारतीय राजनीति के लिए एक आदर्श मानक है। उन्होंने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि श्रेष्ठता पद से नहीं, आचरण से स्थापित होती है और वही समाज को दिशा देती है।
उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी 1996 से 2004 के बीच तीन बार भारत के प्रधानमंत्री रहे। उनका जन्म 25 दिसंबर 1924 को ग्वालियर में हुआ था और उनका निधन 16 अगस्त 2018 को नई दिल्ली में हुआ। प्रोफेसर भरत सिंह ने अटल जी के बारे में कई बेहतरीन बातें बताते हुए कहा कि यह देश अटलजी के योगदान को कभी नहीं भूल सकता। उनके नेतृत्व में हमने परमाणु शक्ति में भी देश का सिर ऊंचा किया। पार्टी नेता, सांसद, मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में अटलजी ने हमेशा एक आदर्श स्थापित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक महान राजनेता ही नहीं, बल्कि कुशल प्रशासक, ओजस्वी वक्ता और संवेदनशील कवि भी थे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर सत्य, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि अटल जी का जीवन छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सहज, सरल शैली और सकारात्मक विचार बच्चों में देशप्रेम, सामाजिक दायित्व और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं।
कार्यक्रम को संस्थान के निदेशक प्रो. आर. के. शाक्य ने भी संबोधित करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कॉलेज की मैडम मिथिलेश एवं मैडम जागेश, प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। सभी ने अटल जी के राष्ट्र के प्रति योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*