राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। युवा संघर्ष समिति, आदर्श ज्ञान वाटिका और नोएडा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को स्वच्छता जागरूकता अभियान शुरू किया गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इन सभी को संस्था के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने के लिए शपथ दिलाई। साथ ही स्थानीय दुकानदारों ने भी पूरी तरह से साथ देने का वादा किया।
13 मार्च को ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से युवा संस्था के सचिन गुप्ता ने बताया कि दुकानदारों ने अपने यहां डस्टबिन रखने तथा ग्राहकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा अपने आसपास के क्षेत्र के सफाई कर्मियों तथा वहां के अधिकारियों के नंबरों पर शिकायत करने की पहल भी की। यश फाउंडेशन के कस्टमर केयर 9540160101 नंबर सभी को उपलब्ध कराया गया, जिससे लोगों की शिकायतों का निवारण हो सके।
कार्यक्रम का संचालन आदर्श ज्ञान वाटिका की प्रिंसिपल रेखा चौहान ने किया। उन्होंने बताया कि जब तक गांव और कालोनियां स्वच्छ नहीं होंगी, तब तक लोग स्वस्थ नहीं होंगे और न ही वहां का विकास संभव हो पाएगा। इसके लिए आज छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों ने युवा संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ घर- घर जाकर लोगों से बात की तथा स्वच्छता के प्रति उन्हें जागरूक किया।
नोएडा प्राधिकरण की तरफ से सर्कल इंचार्ज हुस्ना प्रवीण तथा उनकी टीम के सभी साथियों का पूर्ण सहयोग रहा। साथ ही सदरपुर खजूर कॉलोनी क्षेत्र का सर्वेक्षण भी किया गया। इस अवसर पर दयानंद शुक्ला, शमीम अहमद, अभिषेक मिश्रा, फिरदौस खान, दीपक मिश्रा, नूतन, सचिन गुप्ता, दिनेश, विवेक पंडित, मन्नत, रविंद्र, प्रशांत यादव, गोपाल, पुष्कल गुप्ता तथा अनमोल सहगल आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply