राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नयी दिल्ली। प्रगति मैदान स्थित दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एशिया के सबसे बड़े स्टार्टअप कार्यक्रम स्टार्टअप महाकुंभ में भोपाल की युवा बिज़नेस वुमन सुश्री स्नेह निगम को ‘वुमन एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर अवार्ड, 2024’ से सम्मानित किया गया है। स्नेह को यह पुरस्कार हाल ही में कई प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति में प्राप्त हुआ है, जो उद्यमिता और नवाचार के प्रति उनके समर्पण और नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करता है।
उल्लेखनीय है कि स्टार्टअप महाकुंभ का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। सुश्री स्नेह निगम ने स्टार्टअप के तहत माइंडकैफे की शुरुआत 2022 में की थी और अब तक अपने ऑनलाइन प्लेटफार्म के माध्यम से 10 हज़ार से अधिक लोगो को मेंटल हेल्थ संबंधी समस्याओं को दूर करने में मदद की है। सुश्री निगम कहती हैं, वैश्विक स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य एक चिंतनीय विषय है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों के अनुसार, लगभग 26 करोड़ 40 लाख लोग दुनिया भर में अवसाद से पीड़ित हैं। इसके अलावा हर साल 800,000 लोग आत्महत्या करते हैं, जो एक बड़ी चिंता का विषय है। अमेरिका में लगभग 20 प्रतिशत आबादी किसी न किसी मानसिक बीमारी से ग्रस्त है। यूरोप में 25 प्रतिशत लोग किसी न किसी मानसिक समस्या का सामना कर रहे हैं।
वह बताती हैं, मानसिक स्वास्थ्य एक महत्वपूर्ण मुद्दा है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इसे भारतीय और वैश्विक दोनों संदर्भों में गंभीरता से लेने और आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है। समाज के हर वर्ग को इस दिशा में अपना योगदान देना चाहिए ताकि एक स्वस्थ और खुशहाल समाज का निर्माण हो सके।


Leave a Reply