प्रेरणा से प्रशिक्षण प्राप्त विद्यार्थियों को दिए गए प्रमाणपत्र

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। सेक्टर 62 स्थित प्रेरणा शोध संस्थान न्यास के तहत मंगलवार को प्रेरणा कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान कम्प्यूटर का नि:शुल्क प्रशिक्षण ले रहे विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि Young Ficci Ladies Organisation (YFLO) की अध्यक्ष रिद्धिमा खन्ना ने इस अवसर पर कहा, ‘मुझे यह जानकर बहुत अच्छा लग रहा है कि प्रेरणा भवन में प्रेरणा कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र भी निःशुल्क संचालित है। यहां जिस प्रकार से सेवा कार्य किया जा रहा है वह सराहनीय है।’ उन्होंने कहा कि ‘बच्चों को कम्प्यूटर के साथ जो चरित्र निर्माण का कार्य चल रहा है वह निःसंदेह सरहानीय कार्य है। मैं बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं।’
संगोष्ठी की वक्ता सुरभि भदौरिया ने कहा कि सेवा परमो धर्म: यह सिर्फ एक वाक्य ही नहीं अपने आपमें एक ऊर्जा देने वाला सन्देश है। मुझे लगता है कि इसी धेय वाक्य के साथ यह संस्थान आगे बढ़ रहा है। मुझे बहुत खुशी है कि आज मैं इस कार्यक्रम का हिस्सा बनी। संस्थान आज उन लोगों के लिए काम कर रहा है जिसके लिए कम ही लोग आगे आते हैं। एक बार फिर सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए बधाई।
प्रेरणा कम्प्यूटर केन्द्र की संचालक मोनिका चौहान ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि प्रेरणा शोध संस्थान न्यास के तहत निःशुल्क कम्प्यूटर केन्द्र चलाया जाता है। करीब तीन माह से 20 विद्यार्थियों को कंप्यूटर का प्रशिक्षण दिया जा रहा था, जिसका आज अन्तिम सत्र है और इन सभी को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों के सभी अभिभावक भी आए हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण लेने वाले विद्यार्थी गरीब परिवार से हैं। इसलिए संस्थान निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराता है। हमारा मुख्य उद्देश है कि हम ज्यादा से ज्यादा बच्चों को टेक्नोलॉजी का प्रशिक्षण देकर मुख्यधारा से जोड़ सकें।
23 नवम्बर को आयोजित संगोष्ठी की अध्यक्षता प्रेरणा शोध संस्थान न्यास की उपाध्यक्ष प्रीति दादू ने की और मुख्य वक्ता के रूप में प्रताप इंटरनेशनल स्कूल नई दिल्ली की निदेशक सुरभि भदौरिया और कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र की समन्वयक मोनिका चौहान ने कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर रामकुमार, वीरेन्द्र पोखरियाल आदि गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपाली मिश्रा ने किया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*