राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अपनी विरासत व अतीत को विस्मृत करके कोई समाज-राष्ट्र विकास की बुलंदियों को नहीं छू सकता। अतीत सदैव व्यक्ति व समाज के साथ चलता है। अतीत का गौरवशाली क्षण नई प्रेरणा होती है। पथप्रदर्शक व आगे बढ़ने के लिए अवसर होता है। उन्होंने कहा कि आज लखनऊ व प्रदेश के लिए ऐतिहासिक क्षण है, जब नौसेना शौर्य संग्रहालय के स्थापना की नींव इस नए उभरते क्षेत्र में विकास की इस नई आभा को संजोए हुए सीजी सिटी में आदिगंगा के रूप में विख्यात गोमती नदी के तट पर पड़ रही है। यह संग्रहालय भारतीय नौसेना की बढ़ती ताकत का नया माध्यम बनेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम के निकट सीजी सिटी में 23 करोड़ की लागत से बनने वाले नौसेना शौर्य संग्रहालय निर्माण कार्य परियोजना का भूमि पूजन व बटन दबाकर शिलान्यास किया। सीएम योगी ने यहां पौधरोपण भी किया। भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के बच्चों ने राष्ट्रगीत व भारतीय नौसेना के बैंड ने अपनी प्रस्तुति दी। सीएम ने विश्वास जताया कि यह यूपी के वाटरवे व युवाओं के रोजगार की दृष्टि से मील का पत्थर साबित होगा।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के संस्कृति व पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, डॉ. राजेश्वर सिंह, योगेश शुक्ल, अमरेश कुमार, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ (पश्चिमी नौसेना कमान) वाइस एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी एवीएसएम-एनएस, लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राज सुब्रमण्यम, प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव (पर्यटन) मुकेश मेश्राम आदि मौजूद रहे।


Leave a Reply