कोरोना-19: देश के कई राज्यों में स्कूल-कालेज बंद, दिल्ली में नाइट कर्फ्यू

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। देश में कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप से बचने के लिए दिल्ली में मंगलवार रात से कर्फ्यू लगा दिया गया है। इसके तहत आगामी 30 अप्रैल तक रात 10 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक लोगों को घर से निकलने पर मनाही होगी। इसके अलावा महाराष्ट्र, पंजाब और दिल्ली सहित कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना की नई लहर के मद्देनजर स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थानों को बंद करने की घोषणा की गई है।
दिल्ली, गुजरात, तमिलनाडु ने अनिश्चित काल के लिए स्कूलों को बंद करने की घोषणा की है, जबकि उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और पंजाब के अलावा अन्य राज्यों ने कुछ समय के लिए कक्षाओं को निलंबित कर दिया है। इस दौरान स्कूलों को ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से कक्षाओं को चलाने के लिए निर्देशित किया गया है। आमतौर पर फरवरी-मार्च में होने वाली कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं इस साल मई-जून में आयोजित की जानी हैं। फिलहाल स्कूलों के जल्द खुलने के आसार नहीं दिख रहे हैं।
दिल्ली में इन्हें मिलेगी छूट: निजी डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, प्रिंट और इलेक्ट्रिक मीडिया के पत्रकार, जो यात्री एयरपोर्ट जा रहे होंगे उन्हें भी छूट हासिल है, बशर्ते वह अपना टिकट दिखाएं। नाइट कर्फ्यू के दौरान ट्रैफिक सामान्य रहेगा यानी लोग अन्य राज्यों से आ सकेंगे। नाइट कर्फ्यू में भी लोग कोरोना का टीका लगवा सकेंगे, लेकिन उन्हें इसके लिए पास लेना होगा। ई-पास लेकर सब्जी और फल विक्रेता, मेडिकल से जुड़े लोग आ-जा सकेंगे।
जम्मू और कश्मीर: केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर ने घोषणा की है कक्षा 9वीं तक के छात्रों के सभी स्कूल 5 अप्रैल से दो सप्ताह तक बंद करने का आदेश दिया है। हालांकि, इस दौरान जम्मू-कश्मीर शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं जारी रहेंगी।
उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश सरकार ने कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए स्कूलों को बंद करने का समय 11 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। इससे पहले, राज्य सरकार ने 31 मार्च तक कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए स्कूल बंद कर दिए थे।
महाराष्ट्र: महाराष्ट्र में केवल कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्र और एमपीएससी परीक्षा की तैयारी करने वाले उम्मीदवारों को अपनी नियमित शैक्षणिक गतिविधियों को जारी रखने की अनुमति दी गई है।
पंजाब: पंजाब सरकार ने आदेश दिया है कि 10 अप्रैल तक राज्य में स्कूल बंद रहेंगे। इससे पहले राज्य सरकार ने आदेश दिया था कि स्कूल और कॉलेज 31 मार्च तक बंद रहेंगे।
गुजरात: गुजरात में कोरोना के मामलों को देखते हुए कक्षा 1 से 9 वीं तक के छात्रों के स्कूल को अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है।
राजस्थान: राजस्थान में भी कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। राज्य सरकार ने भी 5 अप्रैल से 19 अप्रैल तक कक्षा 1 से 9 वीं तक की कक्षाओं के लिए स्कूल को निलंबित कर दिया है।
बिहार: बिहार सरकार ने 5 अप्रैल से 11 अप्रैल तक स्कूलों और कॉलेजों को खोलने से मना कर दिया है। सभी तरह के सार्वजनिक आयोजनों पर भी रोक लगा दी गई है।
छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ में स्कूलों और कॉलेजों को राज्य सरकार द्वारा 22 मार्च से बंद करने का आदेश दिया गया था। सरकार ने अभी तक शैक्षणिक संस्थानों को फिर से खोलने के लिए कोई तारीख नहीं बताई है।
मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश में सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों को 15 अप्रैल तक कक्षा 8 तक बंद करने का फैसला किया है।
तमिलनाडु: तमिलनाडु में कक्षा 9वीं, 10वीं और 11वीं के लिए स्कूलों को 9 मार्च से बंद कर दिया गया है।
पुडुचेरी: केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी ने कक्षा 1 से 8 वीं तक के छात्रों के लिए सभी स्कूलों को 22 मार्च से बंद कर दिया है, जबकि उच्च कक्षाओं के लिए कक्षाएं आयोजित की जा रही है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*