कोरोना संकट: गांव के लोगों ने सरकार के प्रयासों को सराहा

डॉ कमलेश भारद्वाज/राष्ट्रीय जनमोर्चा
गाजियाबाद। ग्राम पंचायत डासना देहात इंद्रगढ़ी ग़ाज़ियाबाद में आज शम्भु दयाल कॉलेज ग़ाज़ियाबाद की राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों का दूसरा दिन था। सर्वप्रथम स्वयंसेवकों ने माँ शारदा का पूजन किया। पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के पश्चात कार्यक्रम अधिकारी डॉ नीलम गर्ग ने सभी को योगाभ्यास कराया। तत्पश्चात समूहों का निर्माण किया गया। प्रत्येक समूह में 10 विद्यार्थियों को रखा गया। सर्वेक्षण का विषय समसामयिक था। अनेक विद्यार्थियों द्वारा बताया गया कि गाँव के कोरोना संकट को लेकर अधिकांश ग्रामीणों ने सरकार के प्रयासों की सराहना की है।
विषय था- लॉकडाउन का ग्रामीण लोगों के जीवन पर क्या प्रभाव पड़ा एवं कोरोना को लेकर ग्राम के लोग कितने जागरूक हैं? इसी तरह के सर्वेक्षण के प्रश्न तैयार किये गये थे। सभी स्वयंसेवक अपने-अपने समूह में सर्वेक्षण करने गांव में गये। ग्राम सड़क के दोनों ओर बसा है। अतः इकाई प्रथम सड़क के एक ओर एवं इकाई द्वितीय सड़क के दूसरी ओर सर्वेक्षण हेतु भेजी गई। द्वितीय सत्र व्याख्यान के लिए निर्धारित था। आज अनेक अतिथि शिविर स्थल पर पधारे। समाज सेवा से जुड़े इंद्रजीत तिवारी, शाकिर और जितेन्द्र ने शिविर स्थल पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजय उपाध्याय के साथ आकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। जितेन्द्र ने रजक सेना कोरोना काल में बनाई और इन तीनों ने ही गरीब लोगों को कोरोना काल में भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ लोगों को नौकरी देने के कार्य भी किए। अपने आशीर्वचन द्वारा उन्होंने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
विद्यार्थियों ने अपने सर्वेक्षण के अनुभव साझा किए। अनेक विद्यार्थियों द्वारा बताया गया कि गाँव के अधिकांश लोगों ने सरकार के प्रयासों की प्रशंसा की और वे अभी भी कोरोना को लेकर जागरूक हैं। इसके बाद विभिन्न समितियों का निर्माण किया गया जैसे- अनुशासन समिति, सांस्कृतिक समिति, स्वच्छता समिति, भोजन समिति आदि। आज भी अनेक पुरातन विद्यार्थी राहुल कुमार, सत्यम सिंह, लता भारद्वाज, मनोज कुमार, कनिष्क आदि स्वयंसेवकों के उत्साहवर्धन हेतु शिविरस्थल पहुँचे। प्रीतम, सुखपाल एवं अमित कुमार भी शिविर में उपस्थित रहे।राष्ट्रगान के पश्चात शिविर के दूसरे दिन के कार्यक्रम का समापन किया गया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*