राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल प्रताप विहार में मंगलवार, 28 मार्च 2023 की शाम पूर्व प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों के लिए अलंकरण एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पवित्रता, सकारात्मकता एवं तेज के प्रतीक पारंपरिक दीप के तथा आकर्षक पोशाकों में सजे-धजे नन्हे-मुन्नों द्वारा गणेश वंदना की प्रस्तुति के द्वारा किया गया।
भारतीय संस्कृति की ‘अतिथि देवो भव:’ की परंपरा का निर्वाह करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य मधुकर प्रिय, वरिष्ठ समन्वयिका श्रीमती कल्पना सीज़ो, कनिष्ठ समन्वयिका श्रीमती श्रद्धा सिंह एवं अन्य विद्यालय पदाधिकारियों द्वारा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राम मोहन शर्मा (मुख्य एंकर ज़ी न्यूज़, कवि, पत्रकार एवं प्रखर वक्ता) तथा अन्य सम्मानित अतिथियों सचिव प्रियंक जोशी, निदेशक पंकज जोशी, उप सचिव अमित सिन्हा, प्रबंधन समिति सदस्य उमा सूरी सिन्हा एवं श्रीमती शालिनी प्रिय (हिंदी संस्कृत, विदुषी) को प्यार एवं सम्मान के प्रतीक पौधे भेंट किए गए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मधुकर प्रिय ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के आगमन के प्रति आभार प्रकट करते हुए वार्षिक उपलब्धियों को दर्शाती हुई वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा पूर्व प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने विद्यालय से संबंधित अपने अनुभव साझा किए। इसके बाद क्रमश यू.के.जी. रोज, यू.के.जी. लोटस, यू.के.जी. टयूलिप, यू.के.जी. जसमिन तथा यूकेजी डफोडिल के विद्यार्थियों का अलंकरण संपन्न हुआ।
बीच-बीच में नन्हे-मुन्नों द्वारा आकर्षक नृत्य और गायन की प्रस्तुति दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर रही थीं, वहीं अलंकरण की वेशभूषा में सजे- धजे बच्चों को देख दर्शक अभिभावक गण गर्व एवं आनंद का मिश्रित अनुभव कर रहे थे। आज के कार्यक्रम का एक और आकर्षक केंद्र बिंदु कला, संगीत, नृत्य, गायन, वादन, खेल आदि क्षेत्रों में विशेष योग्यता के आधार पर पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थी थे।
मुख्य अतिथि राम मोहन शर्मा ने आनंद से अभिभूत होते हुए बच्चों के इस कार्यक्रम में बिताए क्षणों को अनमोल बताते हुए बच्चों के उत्साह एवं कौशल की प्रशंसा की तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए शुभ आशीष प्रदान किया। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने श्रीमती रेखा बिष्ट एवं श्रीमती पारुल गौर के दिशा-निर्देश संपन्न होने वाले आज के कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी सदस्यों को धन्यवाद प्रेषित कर तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।


Leave a Reply