दिल्ली: 25 से 27 के बीच होगा आयुष व कला क्षेत्र के विद्वानों का संगम

जितेन्द्र बच्चन/राष्ट्रीय जनमोर्चा
नई दिल्ली। नमो गंगे ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष जन स्वास्थ्य कल्याण व कला संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए ‘दि योगशाला एक्सपो’ का आयोजन दिल्ली के प्रगति मैदान में किया जाता रहा है। पिछले दो वर्ष से लॉकडाउन के कारण यह संभव नहीं हो सका लेकिन इस बार 25 से 27 अगस्त 2021 को दिल्ली के प्रगति मैदान के हाल नम्बर-7 में एक बार फिर स्वास्थ्य कल्याण व कला संस्कृति क्षेत्र के विद्वान जनों का संगम होना सुनिश्चित हुआ है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार की मंत्री व दिल्ली की सांसद मीनाक्षी लेखी और फिल्म सिटी की नामी सख्शियत संदीप मारवाह होंगे।
नमो गंगे ट्रस्ट के चेयरमैन विजय शर्मा ने बताया कि देश के कोने-कोने से आयुष भारतीय चिकित्सा पद्धति को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्य करने वाली करीब-करीब सभी कंपनियों के स्टाल और डाक्टरों की पूरी टीम यहाँ मौजूद रहने वाली है। इसके साथ ही हमारी दिनचर्या कैसी होनी चाहिए, हम कैसे स्वस्थ्य रह सकते हैं, विशेषकर अपनी इम्युनिटी को कैसे बढा़ सकते हैं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा-परिचर्चा व आयुर्वेद की शिक्षा ले रहे 10 से ज्यादा राज्यों के छात्र भी इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं। साथ ही लाइव पेंटिंग के माध्यम से हेल्थ और वेलनेस को कलर ब्रसेस के माध्यम से देश के जानेमाने कलाप्रेमी अपनी पेंटिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के लिए एक बड़ा संदेश देने का प्रयास करेंगे।
सोमवार को ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से नमो गंगे हेल्थ एंड वेलनेस के निदेशक अंशुल अग्रवाल ने बताया कि नमो गंगे ट्रस्ट भारतीय चिकित्सा पद्धति व कला संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए विगत पांच साल से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ हमारे प्रयास से संभव नहीं हो सकता, बल्कि देश के सभी भारतीय चिकित्सा पद्धति के लिए कार्य करने वाली कंपनियों, संस्थाओं, डॉक्टरों व छात्रों को भी आमंत्रित किया जाता है। अब तक के विकास पर चर्चा के साथ ही आगे क्या चुनौतियां हैं, उसके समाधान पर विस्तार से संगोष्ठी का आयोजन आयुष क्षेत्र विद्वान जनों के बीच किया जाता है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*