राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद चित्रांश महासभा के अध्यक्ष एडवोकेट विनोद कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में आज मंगलवार को एक टीम ने अनुपम श्रीवास्तव के परिजनों से मुलाकात की। उन्हें सात्वना दी। उसके बाद इस जघन्य हत्या कांड की कड़ी निंदा करते हुए आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही परिजनों को जहां न्याय दिलाने का भरोसा दिया है, वहीं इस घटना को लेकर कायस्थों में रोष है।
उल्लेखनीय है कि रविवार, 31 दिसंबर की रात मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र के गोविंदपुरी स्थित अग्रसेन चौक के पास पांच आरोपितों ने मिलकर पहले युवक अनुपम को मारा-पीटा, उसके बाद उन्हें कार से रौंदकर उनकी हत्या कर दी थी। अनुपम श्रीवास्तव गोविंदपुरी की हरमुखपुरी कालोनी में जन सेवा केंद्र चलाते थे। परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी व एक वर्षीय बेटा है। घटना की रात करीब दस बजे अनुपम दोस्त अरुण के साथ कार से गोविंदपुरी में अग्रसेन चौक पर चाऊमीन लेने गए थे। इसी दौरान एक कार वाले आए। अनुपम ने उनसे गाड़ी हटाने को कहा तो बात बढ़ गई। आरोपितों ने पहले अनुपम की बुरी तरह पिटाई की। उसके बाद उन्हें कार से रौंदकर उनकी हत्या कर दी गई।
एसएचओ मोदीनगर मयटीम मौके पर पहुंचे। रात में ही एक आरोपित को पकड़ लिया। सोमवार की दोपहर अनुपम के परिजन आसपास के लोगों के साथ मोदीनगर गए। बुजुर्ग माता-पिता ने एसीपी से गुहार लगाई। इस मामले में कुल पांच आरोपित बनाए गए हैं। चार नामजद हैं। गाजियाबाद चित्रांश महासभा के अध्यक्ष विनोद कुमार श्रीवास्तव ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से बताया कि अनुपम के पिता सुरेन्द्र लाल श्रीवास्तव के परिवार में अनुपम ही कामने वाला था। उसके हत्या के बाद परिजनों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
मंगलवार को गाजियाबाद चित्रांश महासभा के अध्यक्ष विनोद श्रीवास्तव थाना मोदीनगर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों से बात की। अनुपम के पिता को मामले की एफआईआर की प्रति उपलब्ध करवाई। साथ ही उन्होंने पुलिस से तत्काल आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए कहा कि किसी प्रकार की हीलाहवाली बर्दास्त नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन और उत्तर प्रदेश शासन से भी विनोद श्रीवास्तव ने अनुपम के परिजनों को आर्थिक सहायता देनी की मांग की है। साथ ही कहा है कि न्याय के लिए पूरा कायस्थ समाज अनुपम के परिवार के साथ खड़ा है। जब तक अपराधियों को उनके किए की सजा नहीं मिल जाती, हम सभी अनुपम के परिवार के साथ हैं। इस मौके पर प्रतीक माथुर, विपुल सक्सेना, राकेश सिन्हा, प्रमोद श्रीवास्तव, रेशम श्रीवास्तव, जेपी शुक्ला आदि मौजूद रहे।


Leave a Reply