सीमाओं के पार संवाद, भारत-नेपाल साहित्य संगम

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। साहिबाबाद स्थित ट्रू मीडिया स्टूडियो में साहित्य, संस्कृति और भारत–नेपाल मैत्री को समर्पित एक गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नेपाल के मानसखंड फाउंडेशन के प्रबंध निदेशक एवं साहित्यकार हेमबाबू, फाउंडेशन के पूर्व अध्यक्ष रमेश पंत ‘मीतबंधु’, पूर्व उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद रिजाज तथा मानसखंड गुरुकुल के सलाहकार टेकराज पनेरु विशेष रूप से उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि साहित्य सीमाओं से परे मानवीय संवेदना को जोड़ने का कार्य करता है और ऐसे संवाद भविष्य में रचनात्मक सहयोग की नई संभावनाओं का द्वार खोलता है।

रविवार, 18 जनवरी को आयोजित कार्यक्रम में ट्रू मीडिया के मुख्य संपादक डॉ. ओमप्रकाश प्रजापति एवं कवि नीरज नयन नायब ने सभी साहित्यकारों का तिरंगा पटका पहनाकर स्वागत किया और लेखक हेमबाबू को स्मृति चिह्न प्रदान किया। इस अवसर पर दोनों देशों की साहित्यिक परंपराओं, मानस साहित्य, लोकसंस्कृति, नई पीढ़ी में साहित्यिक चेतना के विस्तार तथा भारत- नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों को और सुदृढ़ करने जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

डॉ. ओमप्रकाश प्रजापति ने कहा कि ट्रू मीडिया का उद्देश्य साहित्य, कला और संस्कृति को जन–जन तक पहुँचाना है तथा नेपाल जैसे सांस्कृतिक रूप से समृद्ध देश के साहित्यकारों का आगमन इस मिशन को और मजबूती देता है। हेमबाबू सहित अन्य नेपाली साहित्यकारों ने ट्रू मीडिया के साहित्यिक प्रयासों की सराहना करते हुए इसे भारत-नेपाल साहित्यिक सेतु बताया। कुल मिलाकर यह आयोजन न केवल एक साहित्यिक भेंट रहा, बल्कि भारत- नेपाल के साहित्यिक रिश्तों को नई ऊर्जा देने वाला महत्वपूर्ण अवसर भी सिद्ध हुआ।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*