सहायक उपकरण वितरण शिविर में दिव्यांग बच्चों के चेहरे पर आई मुस्कान

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। मोहन नगर करहेड़ा स्थित राजीव कॉलोनी के नगर संसाधन केंद्र पर दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। समग्र शिक्षा अभियान के तहत सेवा शिविर लगाकर संवेदना और सामाजिक दायित्व का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए 139 दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप 22 हियरिंग ऐड, 26 व्हील चेयर, 8 ट्राई साइकिल, 6 सीपी चेयर, 24 बैसाखी, 6 रोलेटर, 12 ब्रेल किट, 8 ब्लाइंड स्टिक (सहायक उपकरण) और बौद्धिक बच्चों हेतु 40 टीएलएम किट वितरित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने इस अवसर पर बताया कि “केंद्र एवं प्रदेश सरकार दिव्यांग बच्चों के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। शिक्षा, उपकरण, छात्रवृत्ति एवं हर संभव सहायता सरकार की प्रतिबद्धता है। ऐसे कार्यक्रम सरकार और समाज के बीच सेतु बनकर यह विश्वास दिलाते हैं कि कोई भी बच्चा अकेला नहीं है।”
गुरुवार, 18 दिसंबर को आयोजित कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि मोदीनगर के उप जिलाधिकारी (न्यायिक) रामशंकर, सेल्फ फाइनेंस प्रोग्रेसिव स्कूल प्रबंधक एसोसिएशन गाजियाबाद के महानगर अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार ‘बिल्लू’ और साथी फाउंडेशन की संस्थापक श्रीमती काजल छिब्बर भी उपस्थित रहे। इन सभी ने कहा कि समाज की सच्ची प्रगति तब होती है जब सबसे कमजोर वर्ग के चेहरे पर मुस्कान आती है। आज का यह दृश्य सेवा और समर्पण की भावना का सजीव उदाहरण है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव ने की। पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय, कवि नगर के प्रधानाध्यापक डॉ राजकुमार ने अपने विचार रखते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चों में अपार क्षमताएं होती हैं। यदि उन्हें सही संसाधन, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले तो वे शिक्षा, खेल और जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) डॉ. राकेश कुमार और श्रीमती रुचि त्यागी जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) ने आयोजन को समाज में सकारात्मक चेतना का संचार बताया। मंच संचालन योग गुरु यश पाराशर एवं श्रीमती पूनम शर्मा ने किया।
उपस्थित अतिथियों का बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा पौधा भेंट कर एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत सम्मान किया गया। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग के खंड शिक्षा अधिकारी इश्क लाल, विश्वजीत राठी आदि उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*