‘अंदाज-ए-उड़ान’ में नींव शक्ति संस्था के दिव्यांगजनों ने दिखाया हुनर

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
गाजियाबाद। नींव शक्ति संस्था द्वारा स्थापना दिवस के अवसर पर हिन्दी भवन में दिव्यांगजन प्रतिभा महोत्सव ‘HUNAR 2.0’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गाजियाबाद और मेरठ से आए 80 से अधिक दिव्यांगजनों ने प्रतिभाग किया। इन सभी ने ‘अंदाज-ए-उड़ान’ के तहत गायन, वादन और रैम्प वॉक पर अपने बुलंद हौसले का परिचय दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि
गाजियाबाद के माननीय सांसद एवं केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग एवं नागर विमानन राज्यमंत्री जनरल डॉ. विजय कुमार सिंह प्रतिभागियों का हुनर देखकर आश्चर्यचकित रह गए।
शनिवार को आयोजित समारोह के अतिथियों में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कुमार कश्यप, जिला अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, चीफ वार्डन ललित जायसवाल, इनर व्हील क्लब की उर्वशी मित्तल हाईटेक के डायरेक्टर आनंद प्रकाश और इंग्राहम इंस्टिट्यूट से विंग कमांडर जैथ्रो शामिल रहे। इसके अलावा नींव शक्ति संस्था की अध्यक्ष रिचा बल्लभ खुलबे, मोहिनी सैमसन भी उपस्थित रहीं। इन सभी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शानदार शुभारंभ किया।
मतदान के लिए डीएम ने दिलाई शपथ :
जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि जीवन में आई कठिनाईयों से ही हमारे हुनर में सुधार आता है, जो दिव्यांगजन हैं उन्हें इस बात से दु:खी ना होते हुए अपनी प्रतिभाओं को सवारना चाहिए। दिव्यांगजन हमारे बगीचों के वह फूल हैं, जिनसे हमारे बगीचों में अलग ही सुगन्धित खुशबू आती है। इसके लिए आपको और हमें अपने दृष्टिकोण को सकारात्मक करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों में आमजनों से अधिक और बेहतर करने की क्षकता होती हैं जिसे सिर्फ निखारने की आवश्यकता है। साथ ही जिलाधिकारी ने सभागार में उपस्थित सभी लोगों को मतदान करने की अपील करते हुए शपथ दिलाई और कहा कि इस बार गाजियाबाद में हम बेहतर मतदान करने और कराने में अपना पूर्ण सहयोग करेंगे, यह हम सभी की जिम्मेदारी है।
राज्य मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने गिनाई सरकारी योजनाएं :
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कुमार कश्यप ने कहा कि दिव्यांगजनों को सरकार हर तरह से सशक्त बनाने के लिए दृढ़संकल्प है। इनका हर क्षेत्र में विकास करवाना सरकार का लक्ष्य है, जिसके लिए हम निरंतर प्रयासरत हैं। पहले इस विभाग को विकलांग विभाग के नाम से जानते थे, किन्तु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन्हें दिव्यांगजन नाम दिया। कश्यप ने अनेक सरकारी योजनाओं को बताते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को इसका लाभ उठाना चाहिए।
नींव शक्ति संस्था की पूरी टीम को सराहा :
जनरल वी.के. सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों को सहानुभूति की नहीं अपितु उनके उज्जवल भविष्य को अग्रसित करने की जरूरत है। उन्होंने संस्था की अध्यक्ष ऋचा खुलबे की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम से ही दिव्यांगजनों को पता लग पायेगा कि उनके अन्दर दिव्य शक्ति है, जिसे सिर्फ निखारने की आवश्यकता है। जनरल सिंह ने सभी संस्था की पूरी टीम को सफल कार्यक्रम करने के लिए बधाई दी और आयोजन के लिए उनकी सराहना की है।
केंद्रीय मंत्री ने प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत :
उन्होंने प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया। साथ ही दिव्यांगजनों के उत्थान के लिए काम करने वाले कुछ समाजसेवियों को मानवीय उत्कृष्ट पुरस्कार प्रदान किए। रेड क्रॉस की ओर से महिला कलाकारों को एक हाइजीन किट प्रदान की गई। कार्यक्रम का कुशल संचालन पूनम शर्मा ने किया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव, डॉ सौरभ जायसवाल, केडी त्यागी, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा डॉ.राकेश, रेड क्रॉस की सचिव डॉक्टर किरण गर्ग सहित बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*