राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नयी दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में गैंगवार हुआ है। शुक्रवार की दोपहर यहां जज के सामने मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर कुख्यात बदमाश जितेंद्र मान उर्फ गोगी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जबकि पुलिस ने जितेंद्र पर हमला करने वाले दोनों हमलावर को भी ढेर कर दिया। वारदात के समय गोगी को कोर्ट रूम में पेशी के लिए लाया गया था। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच-पड़ताल की जा रही है। मौके पर पुलिस के आला अधिकारी मौजूद हैं और कोर्ट की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि रोहिणी कोर्ट रूम 207 में एनडीपीएस के एक मामले में जितेंद्र गोगी को पेशी के लिए लाया गया था। इस कोर्ट में एनडीपीएस से जुड़े मामले की सुनवाई होती है। कोर्ट में मामले की सुनवाई चल रही थी कि वकील की पोशाक पहने दो हमलावरों ने गोगी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बताया जाता है कि गोगी को तीन से चार गोलियां लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी दोनों हमलावरों पर गोली चलाई और उन दोनों हमलावरों की भी गोली लगने से मौत हो गई।
रोहिणी कोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि वकील की पोशाक पहनकर आए बदमाशों ने कोर्ट रूम में जज के सामने गोली मारी। इतिहास में शायद पहली ऐसी घटना है। वारदात में एक महिला वकील के पैर में भी गोली लगी है। वारदात के पीछे गैंगवार बताया जा रहा है, जिसमें गोगी के विरोधी टिल्लू गैंग के बदमाशों का हाथ होने की आशंका पुलिस जता रही है।
6.5 लाख का इनामी था गोगी
जितेन्द्र गोगी रोहिणी जेल संख्या 2 के हाई रिस्क वार्ड में बंद था। गोगी को स्पेशल सेल ने पिछले साल मार्च में बहुत मुश्किल से गुरुग्राम से पकड़ा था। उस समय उस पर 6.5 लाख का इनाम था।
पुलिस आयुक्त देंगे इनाम
दिल्ली के पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने बताया कि दो बदमाशों ने रोहिणी कोर्ट में गैंगस्टर जितेंद्र मान उर्फ गोगी पर अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। पुलिस ने दोनों हमलावरों को मार गिराया। हमलावरों को ढेर करने वाले प्रत्येक पुलिसकर्मियों को 50-50 हजार रुपये बतौर इनाम दिया जाएगा।


Leave a Reply