ग्रेनो प्राधिकरण युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए लगाएगा कौशल विकास मेला

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के कस्बों और गांवों में रहने वाले युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इसी माह के अंतिम सप्ताह में रोजगार मेले की तरह कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) मेला आयोजित करेगा। इसमें उत्तर प्रदेश स्किल डेवलपमेंट मिशन से जुड़ी संस्थाएं हिस्सा लेंगी, जो युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए चलाए जा रहे ट्रेनिंग प्रोग्रामों के जानकारी देंगी। उनको प्रशिक्षण प्रदान करेंगी और रोजगार दिलाने में मदद करेंगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के दफ्तर में सीईओ नरेंद्र भूषण की अध्यक्षता में मंगलवार, 16 नवंबर को एक बैठक हुई, जिसमें कई संस्थाओं के पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा आईटीआई बाबरपुर की संचालक व वरिष्ठ समाजसेवी श्रीमती इंदु गोयल और उनके सहायक मनोझ झा भी शामिल रहे। इंदु गोयल ने महिलाओं से संबंधित कोर्स कराने पर जोर दिया। सीईओ भूषण ने मेले के आयोजन के लिए जगह शीघ्र तय करने के निर्देश दिए हैं। जो संस्थाएं बैठक में शामिल हुई हैं, ये सभी अलग-अलग क्षेत्र की तमाम कंपनियों से जुड़ी हैं, जिससे प्रशिक्षण पाने वाले युवाओं को रोजगार दिलाने में भी मदद करेंगी।
उल्लेखनीय है कि सीईओ भूषण की कोशिश से प्राधिकरण और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम संयुक्त रूप से पहले से ही स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम चला रहे हैं। इसके लिए ग्रेटर नोएडा में चार स्थानों पर प्रशिक्षण केंद्र बनाए गए हैं। यहां युवाओं को अलग-अलग ट्रेड में प्रशिक्षण दिलाए जा रहे हैं। अब प्राधिकरण इसका और विस्तार करना चाहता है, जिससे गौतमबुद्धनगर के देहात और कस्बों के और अधिक युवाओं को अलग-अलग ग्रेड में प्रशिक्षण देकर हुनरमंद बनाया जा सके और बाद में उन्हें रोजगार भी मिल सके। बैठक में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी सचिन कुमार सिंह और डीजीएम सीके त्रिपाठी भी मौजूद रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*