डॉ कमलेश भारद्वाज/राष्ट्रीय जनमोर्चा
गाज़ियाबाद। शम्भू दयाल कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाईयों के सात दिवसीय शिविर के छठे दिन का शिविर कार्यक्रम मां शारदा की वंदना से हुआ। इसके पश्चात स्वयं सेवकों ने सामूहिक रूप से एनएसएस का लक्ष्यगीत प्रस्तुत किया। आधा घंटा योगाभ्यास का रहा। उसके बाद ‘सड़क सुरक्षा और यातायात’ को लेकर रैली निकाली गई। रैली का उद्घाटन दोनों कार्यक्रम अधिकारियों डा अजय उपाध्याय एवं डा नीलम गर्ग ने संयुक्त रूप से किया। उनके साथ प्रीतम सिंह और सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे।
विभिन्न प्रकार के स्लोगन चार्टों को हाथों में लेकर पूरे उत्साह से स्वयंसेवक सड़क सुरक्षा पर नारे लगाते हुए गांव की गलियों से गुजरे और ग्रामीणों को सीट ‘बेल्ट लगाना’, ‘हेलमेट लगाना’, ‘यातायात नियमों का पालन करना’ आदि के प्रति जागरूक किया। कर्मचारी सुखपाल, अमित कुमार और एनएसएस के पुरातन छात्रों में राहुल कुमार, सत्यम सिंह, विकास यादव, लता भारद्वाज और मनोज कुमार भी रैली में सम्मिलित हुए।
रविवार, 7 मार्च को आयोजित कार्यक्रम में भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। लगभग 20 विद्यार्थियों ने प्रत्येक समूह से सहभागिता की। प्रतियोगिता का विषय था ‘महिला सशक्तिकरण’ एवं ‘महिला अपराध और जागरूकता का अभाव’। भोजनावकाश के पश्चात हापुड़ शहर से आए नरेंद्र चौहान ने स्वयंसेवकों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने आत्मरक्षा की सात विधाओं जूडो-कराटे, ताईक्वांडो, कुंगफू, मुथाई, जुजुत्सु व बोवीनाम में ब्लैक बेल्ट प्राप्त किए हैं। वे ग्रैंडमास्टर चैस कराटे फैडरेशन के प्रेसिडेंट भी हैं। साथ ही अनेक आत्मरक्षा संबंधी एवं सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं और स्टार एडवेंचर क्लब के संस्थापक हैं। उनके साथ डॉ भास्कर गर्ग, जो ‘साइंस एंड इंजीनियरिंग रिसर्च बोर्ड, गवर्नमेंट ऑफ इंडिया, नई दिल्ली के यंग साइंस एंड प्रिंसिपल इनवेस्टीगेटर’ रहे हैं, ने भी प्रेरक प्रसंगों द्वारा विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
महाविद्यालय से अंग्रेजी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डा बिंदु कर्णवाल भी स्वयं सेवकों के उत्साहवर्धन के लिए शिविर स्थल पर पहुंची। उन्होंने नरेन्द्र एवं डॉ भास्कर गर्ग के साथ स्वयंसेवकों द्वारा बनाए गए पोस्टरों का निरीक्षण किया। उसके बाद राष्ट्रगान के पश्चात शिविर का समापन किया गया।


Leave a Reply