राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। कर्नाटक विधानसभा में अध्यक्ष की मौजूदगी में विधायक केआर रमेश कुमार द्वारा महिलाओं को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी पर आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा। आज सामाजिक संगठन महिला उन्नति संस्था (भारत) के सदस्यों ने गौतमबुद्ध नगर जिलाधिकारी के कार्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। साथ ही प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वत को राष्ट्रीय महिला आयोग के नाम एक ज्ञापन सौंपते हुए विधायक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करने की मांग की है।
संस्था की नोएडा प्रभारी रेणुबाला शर्मा ने कहा कि जब जनप्रतिनिधि ही महिलाओं को लेकर ऐसी गंदी सोच रखेंगे तो देश में महिलाओं की सुरक्षा की बात करना बेमानी है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के विधायक के निंदनीय एवं अशोभनीय बयान पर विधानसभा स्पीकर सहित सदन में उपस्थित अन्य विधायकों ठहाके लगाए, इससे महिलाओं के सम्मान को चोट पहुंची है जिसकी महिला उन्नति संस्था कड़ी भर्त्सना करती है।
जिलाध्यक्ष रेनू त्यागी ने राष्ट्रीय महिला आयोग से मामले को संज्ञान लेते हुए सम्बंधित विधायक के खिलाफ कड़ी कारवाई करने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि इस विधायक की विधायकी खत्म होनी चाहिए, ताकि भविष्य में महिला सम्मान को लेकर अन्य कोई जनप्रतिनिधि इस तरह की अशोभनीय भाषा का प्रयोग न करे। इस दौरान संस्थापक डा राहुल वर्मा, मनोज झा, रणवीर चौधरी, डा ओमवीर बघेल, माधुरी चौहान, इंदु यादव, मीना देवी, वंदना शर्मा, कोमल और सारिका गुप्ता आदि सदस्य मौजूद रहे।
गाजियाबाद में भी सौंपा ज्ञापन:
महिला उन्नति संस्था की गाज़ियाबाद इकाई ने भी जिला अध्यक्ष विनीता पाल के नेतृत्व में डीएम को कर्नाटक के विधायक रमेश कुमार और विधानसभा स्पीकर के खिलाफ कारवाही करने का ज्ञापन दिया है। यह ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी मधु शर्मा को सौंपा है। इस मौके पर रीना शर्मा, राधिका नागर, कुसुम लता शर्मा, रिंकू देवी आदि उपस्थित रहीं।


Leave a Reply