राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। न्यू नोएडा पब्लिक स्कूल प्रांगण में महिला उन्नति संस्था (भारत) की महानगर इकाई ने हिंदी दिवस के अवसर पर एक सम्मान समारोह का आयोजन किया। जिसमें कई शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इससे पहले कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय किसान यूनियन अंबावता के दादरी तहसील अध्यक्ष राजकुमार रूपा को शॉल और पौधा देकर उनका स्वागत-सम्मान किया गया।
संस्था की नोएडा महानगर अध्यक्ष श्रीमती श्वेता त्यागी ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि आज के सम्मान समारोह में मास्टर ब्रह्म सिंह नागर, मास्टर जेपी त्यागी, प्रोफेसर डॉक्टर देवेंद्र, अपर्णा पांडेय, अध्यापिका ममता रानी, सुषमा अवाना, सुधा शर्मा और मनोज जी को शॉल और पौधे देकर सम्मानित किया गया। सभी अध्यापकों ने हिंदी भाषा को लेकर अपने-अपने विचार रखे और अनुभव भी साझा किया। साथ ही इस अवसर पर प्रण लिया कि हिंदी हमारी मातृभाषा है और इसका सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। इसके लिए हम सभी सदैव तत्पर हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ देवेंद्र नागर ने कहा कि हिंदी हैं हम वतन है हिंदुस्तान हमारा। हिंदी हमारी ऐसी भाषा है जिसका हम कहीं भी प्रयोग कर सकते हैं। हिंदी के बिना हमारा अस्तित्व निरर्थक है। इसके बाद श्रीमती श्वेता त्यागी ने घोषणा की कि समय-समय पर महिला उन्नति संस्था की तरफ से हिंदी को बढ़ावा देने के लिए आगे भी कार्यक्रम किए जाएंगे। क्योंकि हिंदी हमारी अंतरात्मा है। हिंदी का विकास होगा तो देश और समाज भी आगे बढ़ेगा। वहीं संस्था की प्रभारी रेनू बाला शर्मा ने इस पर प्रकाश डाला कि महिलाएं अपने अधिकारों और कर्तव्यों का प्रयोग कर इस क्षेत्र में विशेष योगदान किस प्रकार दे सकती हैं। कार्यक्रम में संस्था की उपाध्यक्ष पिंकी, प्रधान सचिव वंदना झा, सुषमा झा, शर्मिष्ठा शाह, राहुल अवाना, दिवाकर त्यागी, रंजना तिवारी, सरस्वती, चंचल त्यागी आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply