राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
ग़ाज़ियाबाद। शहीदे आजम भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव की याद में वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में शहीद दिवस पर एक कार्यक्रम आयोजित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। कारगिल में शहीद हुए दो रणबांकुरों के परिवारों को सम्मानित किया गया। साथ ही वरदान मल्टीस्पेश्यलिटी अस्पताल के सहयोग से आयोजित एक शिविर में 66 विद्यार्थियों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने छात्र-छात्राओं को शहीदों के आदर्श अपनाकर समाज व देश को विश्व में सर्वश्रेष्ठ बनाने की बात पर बल दिया।
डॉ .अशोक कुमार गदिया ने कहा कि युवा देश के लिए जीना सीखें। जो शहीदों के बलिदान से नसीहत नहीं लेते, उन युवाओं का देश कभी तरक्की नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि अपनी प्रगति जरूर करो लेकिन देश व समाज के उत्थान की भी चिंता करो। जागरूक इंसान बनो। कुछ अच्छे काम देश के लिए कर गए तो समझो कि हम शहीदों के सपनों को साकार कर गए। उन्होंने अपनी एक कविता के माध्यम से कहा कि हम देशभक्त बनें सरकार भक्त न बनें।
मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। शहीद सुरेन्द्र पाल सिंह की माता चम्पा देवी व ओमपाल सिंह की पत्नी राजकुमारी को शॉल, स्मृति चिह्न, सम्मान पत्र व नकद राशि भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष पूनम कौशिक बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं। इंस्टीट्यूशंस के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के गीत गाए। शनाया झा, सतेन्द्र झा, शुभम कटवाल, शैली, कनिष्का, सृष्टि, प्रगति, रिचा, अरुण कुमार शीतू पांडेय के अलावा बीएड के बच्चों ने देशभक्तिपूर्ण नाटक प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक एवं प्रसिद्ध कवि डॉ. चेतन आनंद ने किया।


Leave a Reply