साड़ी पहनी महिला को रेस्तरां में प्रवेश न देने के मामले में महिला उन्नति संस्था ने सौंपा ज्ञापन

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। दक्षिणी दिल्ली के एंड्रूज गंज स्थित अंसल प्लाजा के अकीला रेस्तरां में साड़ी पहनकर गयी एक महिला को प्रवेश न देने के मामले को लेकर महिलाओं का आक्रोश कम नहीं हो रहा है। शुक्रवार, 01 अक्टूबर, 2021 को इसी घटना के विरोध में महिला उन्नति संस्था (भारत) की नोएडा महानगर अध्यक्ष श्वेता त्यागी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने डीएम के माध्यम से राज्य महिला आयोग दिल्ली को ज्ञापन देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
श्वेता त्यागी ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि साड़ी भारतीय सभ्यता, संस्कृति और संस्कार की पहचान है। भारतीय नारी साड़ी पहनकर स्वयं को गौरवान्वित महसूस करती है, मगर पाश्चात्य संस्कृति के पोषक बाजारीकरण के लिए भारतीय संस्कृति का अपमान करते हैं जो किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वह एक प्रतिनिधिमंडल के साथ भारतीय संस्कृति एवं साड़ी पहनने वाली महिला का उपहास उड़ाए जाने के विरोध में रेस्तरां प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग को लेकर गौतमबुद्ध नगर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची। वहां राज्य महिला आयोग दिल्ली की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के नाम उप जिलाधिकारी गजेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा।
इस बीच ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को दक्षिण दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) के महापौर मुकेश सूर्यन ने बताया, ‘अकीला नाम का यह रेस्तरां बिना वैध लाइसेंस के चल रहा था। उसे हमने बंद किए जाने का नोटिस 24 सितम्बर को जारी किया था। इसके बाद अब वह बंद हो चुका है। यह रेस्तरां निकाय से मंजूरी लिए बिना चल रहा था। लिहाजा, हम डीएमसी (दिल्ली नगर निगम) अधिनियम के तहत जुर्माना लगाने के प्रावधान समेत अन्य कार्रवाई की संभावना को भी तलाश रहे हैं।’ वहीं शुक्रवार को ज्ञापन देने के दौरान महिला उन्नति संस्था के संस्थापक डॉ राहुल वर्मा, नोएडा प्रभारी रेनू बाला शर्मा, उपाध्यक्ष अनीता शर्मा, माधुरी चौहान, सुषमा झा, अंजू ओझा, वंदना झा, पिंकी कौशिक, डा ओमवीर बघेल, सुनील रावल, जहीर सैफी आदि उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*