श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर लाखों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

राहुल गौतम/राष्ट्रीय जनमोर्चा
गाजियाबाद। महाशिवरात्रि के महापर्व पर श्री दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर में जलाभिषेक करने वालों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शिवभक्तों की गुरुवार तड़के तीन बजे से ही एक-डेढ़ किलोमीटर लंबी कतार लग गई जो अगली देर रात तक जारी रही। बच्चे-बूढ़ और महिलाएं सभी अपनी बारी आने की प्रतीक्षा करते दिखे। हर कोई भगवान शिव के दर्शन का अभिलाषी रहा और व्रत रखने वालों ने तमाम कठिनाइयों के बावजूद शिवलिंग का जलाभिषेक किया। मंदिर के श्रीमहंत नारायण गिरी महाराज ने सभी की मनोकामना पूर्ण होने का आशीर्वाद दिया। जलाभिषेक करने वालों में कई नेता-मंत्री, सांसद-विधायक, पत्रकार, पार्षद व प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल रहे।
श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर में लाखों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। महाशिवरात्रि के मौके पर मंदिर बहुत ही भव्य तरीके से सजाया गया है। पूरा महानगर शिवमय हो गया। चारों तरफ हर-हर महादेव और बम-बम के गगनभेदी नारे गूंजते रहे। मंदिर में कोरोना महामारी के मद्देनजर मास्क लगाकर सेनिटाइजेशन के बाद प्रवेश दिया गया। गाजियाबाद के भाजपा सांसद और केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने भी श्री दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए और शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। उनके अलावा उनकी पत्नी भारती सिंह, सांसद अनिल अग्रवाल, राज्यमंत्री अतुल गर्ग, पूर्व महापौर आशु वर्मा, साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, महापौर आशा शर्मा, सीओ-प्रथम अभय कुमार मिश्र, एडीएम नितिन मदान, एडीएम यशवर्द्धन श्रीवास्तव, भाजपा नेता पवन गोयल, रमेशचंद्र तोमर, रविद्र सिंह बालावत, दीपसिंह धनानी, सीएमओ डॉ.एनके गुप्ता, डॉ.राम कृपाल यादव आदि ने भी मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए और उनकी पूजा-अर्चना की।
श्री दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर के अलावा भी गाजियाबाद के शिवालयों में महाशिवरात्रि पर बम-बम भोले के जयघोष के साथ जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की गई। बेल पत्र, फूल-फल चढ़ाकर पंचामृत से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। मंदिर में रात 12 बजे से जलाभिषेक का शुभारंभ हो गया था। सुबह चार बजे महाआरती हुई और गुरुवार को 11 बजे भगवान दूधेश्वरनाथ को 108 व्यंजन के भोग लगाए गए। मंदिर के श्रीमहंत नारायण गिरि ने बताया कि विधि-विधान से मंत्रोच्चारण के साथ भगवान श्री दूधेश्वरनाथ का आठ पहर रूद्राभिषेक किया गया। शाम को छह बजे मंदिर के कपाट भगवान दूधेश्वरनाथ के शृंगार के लिए बंद कर दिए गए। करीब सात बजे महाआरती हुई और इसके बाद फिर से श्रद्धालुओं के लिए जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए।
मंदिर परिसर और शिवभक्तों की सुविधा व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार लगाने की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा-व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन के अलावा नागरिक सुरक्षा संगठन के वार्डन, मंदिर के कार्यकर्ता और स्वयंसेवी आदि तैनात हैं। इस मौके पर श्रीमहंत नारायण गिरी और प्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर महोत्सव के मुख्य यजमान धर्मपाल गर्ग ने कई पत्रकारों और अधिकारियों को आशीर्वाद देने के रूप में स्वागत-सम्मान किया है। महाराज जी से प्रसाद प्राप्त करने वालों में राष्ट्रीय जनमोर्चा के संपादक जितेन्द्र बच्चन और यह संवाददाता (राहुल गौतम) भी शामिल रहा।

admin
About admin 3407 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*