सास-दामाद बरामद, लव स्टोरी में नया पेंच: पति ने रखी शर्त

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश का यह मामला दामाद के साथ सास भाग गई, हर गली-कूंचे में चर्चा का विषय बना हुआ है। लेकिन बुधवार को इनकी लव स्टोरी में एक नया मोड़ आ गया। पुलिस ने नेपाल बॉर्डर के पास से सास और दामाद को बरामद कर लिया है। पति जितेन्द्र ने कहा है कि अगर वह नकदी और जेवरात वापस कर दे तो उसे एक बार फिर माफ कर के घर में रहने की इजाजत दे सकता है। लेकिन सास सपना ने कहा है कि उसने कोई नकदी और गहने नहीं चुराए और आगे की जिंदगी भी वह जितेन्द्र नहीं बल्कि राहुल के साथ ही बिताना चाहती है।
मामला अलीगढ़ के मडराक थाने का है। यहां के एक गांव का जितेन्द्र कुमार फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करता है। कुछ महीने पहले उसने बेटी शिवानी की शादी के लिए एक लड़का राहुल को पसंद किया और रिश्ता तय हो गया। दोनों की 16 अप्रैल को शादी होनी निश्चित हो गई। पिता ने पांच लाख के जेवर बनवाए और करीब साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी रखी हुई थी। उसे क्या पता था कि बेटी की शादी न होकर कुछ और हो जाएगा।
दरअसल, राहुल का होने वाली सास सपना देवी से संपर्क हुआ तो उसकी सारी आपबीती सुनकर उस पर प्यार आ गया। उसने सपना को इस नरक से बाहर निकालने का प्रण कर लिया। दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगे और फिर एक होने के लिए लोक-लाज की सारी मर्यादा पार कर 6 अप्रैल को फरार हो गए। जितेन्द्र का आरोप है कि सपना देवी बेटी के लिए रखी नकदी और गहने भी ले गई। वह माथा पीटते हुए थाना पहुंचा। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तीन टीमें लगा दी और दोनों आरोपियों की तेजी से तलाश करनी शुरू कर दी।
बुधवार, 16 अप्रैल को करीब दस दिन बाद पुलिस की मेहनत रंग लाई। उसने राहुल और उसकी होने वाली सास सपना देवी को नेपाल बॉर्डर के पास से बरामद कर लिया। लेकिन सपना का कहना है कि उसका पति शराब पीकर मारपीट करता था। बेटी की शादी तय होने के बाद राहुल से उसकी मुलाकात हुई। उसने जब घर का सारा हाल जाना तो सपना देवी को अपने साथ ले जाने का फैसला कर लिया। बाद में खबरों के माध्यम से पता चला कि उस पर नकदी और गहने गायब करने का आरोप है तो वह पुलिस थाने में खुद ही हाजिर हो गई। उसके साथ राहुल भी था।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अमृत जैन के मुताबिक राहुल ने बताया है कि सपना अलीगढ़ से चलकर कासगंज पहुंची थी। वहां उसे राहुल मिल गया। दोनों बस से बरेली गए। वहां से मुजफ्फरपुर (बिहार) चले गए। फिर दिल्ली आए और यहां से बस में बैठकर राया कट पर उतरकर किराए की एक गाड़ी से थाना दादों पहुंचे। सपना देवी को जहां थाना मडराक पुलिस पर भरोसा नहीं है, वहीं मडराक पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों को नेपाल बॉर्डर के पास से बरामद किया गया है। हकीकत क्या है, यह तो पुलिस ही जाने।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*