राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
मेरठ। लोहियानगर में समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया की स्थानीय इकाई ने 76वें गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया। जिसमें स्थानीय निवासियों ने हर्षोल्लास के साथ भागीदारी की। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने तिरंगा फहराया। साथ ही उन्होंने देशवासियों को 76वें गणतंत्र दिवस की बधाई दी।
श्री बच्चन ने संविधान निर्माताओं को याद करते हुए कहा कि आज हम अपने गौरवशाली गणतंत्र की वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर हम उन सभी महान विभूतियों को नमन करते हैं, जिन्होंने हमारा संविधान बनाकर यह सुनिश्चित किया कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित हो। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान जाति, धर्म, भाषा और लिंग के भेदभाव के बिना हर नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने समाज कल्याण के लिए तन मन धन से समर्पित रहने का प्रण किया। संस्था के मेरठ अध्यक्ष बृजेश चौधरी ने कहा कि जल्द ही जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। इस अवसर पर स्थानीय इंकाई प्रभारी शिवकुमार त्यागी, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी सुष्मिता चौधरी, श्रीमती राजबाला, अरविंद प्रधान, संजय सिंह, रहमत बारी, केशव सैनी के अलावा कई समाजसेवी, पत्रकार आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply