राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। प्रताप विहार स्थित सेक्टर 11 में सरदार पटेल ग्लोबल स्कूल में गणतंत्र दिवस का महापर्व बड़े हर्षोउल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अजीत सिंह बैसला ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सभी देशवासियों को गणतन्त्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हम उन सभी महान विभूतियों को नमन करते हैं, जिन्होंने हमारा संविधान बनाकर यह सुनिश्चित किया कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित हो।
उन्होंने भारत के संविधान की महिमा और गणतंत्र दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला। विद्यालय में उत्साह का माहौल रहा। विद्यार्थियों ने भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के प्रति अपने सम्मान और प्रेम को व्यक्त किया।
स्कूल के बच्चों ने 26 जनवरी की खूब तैयारी कर रखी थी। पांचवी की छात्रा ने गणतंत्र दिवस पर कविता प्रस्तुत की। कुछ बच्चों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वीरता और उनके देश के प्रति निष्ठा को दर्शाने वाला सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर सभी का मन मोह लिया। छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती सुधा देवी ने सभी विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का संदेश दिया। इस अवसर पर कार्डिनेटर श्रीमती गीता राणाकोटि सहित विद्यालय का सारा स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply