ओमप्रकाश प्रजापति पथगामिनी के पंचम वार्षिकोत्सव में सम्मानित

राष्ट्रीय जनमोर्चा। संवाददाता
नई दिल्ली। साहित्य, शिक्षा, समाज और संस्कृति के क्षेत्र में सक्रिय संस्था ‘पथगामिनी’ का पंचम वार्षिकोत्सव 27 सितंबर को शाहदरा स्थित ईस्ट एंड क्लब, महाराजा सूरजमल मार्ग में उत्साहपूर्ण एवं साहित्यिक वातावरण में संपन्न हुआ। इस वर्ष वार्षिकोत्सव का मुख्य विषय “शिक्षा व्यवस्था-वर्तमान और भविष्य” रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और ओम आलाप संगीत महाविद्यालय के बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना पर कत्थक नृत्य की सुंदर प्रस्तुति के साथ हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं मुख्य वक्ता डॉ. एस.पी. सिंह, एजुकेशन डायरेक्टर, जीजीएसआईपी यूनिवर्सिटी ने की। मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) मधु चतुर्वेदी तथा सारस्वत अतिथि हरियाणा गौरव डॉ. सविता चड्ढा रहीं। डॉ. मधु चतुर्वेदी ने जहां अपनी कविताओं के माध्यम से कार्यक्रम को साहित्यिक गरिमा प्रदान करते हुए आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं, वहीं डॉ. चड्ढा ने ‘औरत के अंदर औरत’ कविता का पाठ किया, जो आधी आबादी को समर्पित रहा और स्त्री के अंतर्मन तथा उसकी संवेदनाओं को अभिव्यक्ति देता नजर आया।
युवा वक्ता डॉ. विशाल पाण्डेय ने शिक्षा के विभिन्न पहलुओं पर सार्थक चर्चा की। साथ ही इस अवसर पर कवि ज्ञान चंद्र मिश्रा के पुस्तक समय के स्वर का लोकार्पण किया गया और ट्रू मीडिया के संपादक ओमप्रकाश प्रजापति को पथगामिनी की संस्थापक श्रीमती मंजुला श्रीवास्तव व अन्य पदाधिकारियों ने सम्मानित किया।
दूसरे सत्र में 28 कवि-कवयित्रियों ने विभिन्न विधाओं में अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। गीत, दोहा, गजल, छंद, मुक्तक सहित विविध काव्य विधाओं की प्रस्तुतियों से सभागार साहित्यिक रंग में सराबोर रहा। तीसरे सत्र में आयोजित मुशायरे में देश-विदेश से आए 10 गजलकारों ने मंच को जीवंत कर दिया। विभिन्न सत्रों का संचालन एन.के. झा, डॉ. उषा श्रीवास्तव तथा शायरा सोनिया सोनम ‘अक्स’ ने किया। इस अवसर पर बीनूं सिंह एवं रेनू राय, शुभ्रा पालीवाल, अम्बिका मनोज जायसवाल, देवकृष्ण गुप्ता, महेंद्र तिवारी ‘अलंकार’ आदि उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*