बिपेंद्र कुमार सिंह
नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां आज बुधवार को जाकिर हुसैन अस्पताल में ऑक्सीजन टैंक लीक होने से करीब 30 मिनट के लिए सप्लाई रुकी रही, जिससे वेंटिलेटर पर मौजूद 22 मरीजों ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। इसके साथ ही 30 से 35 मरीजों की हालत नाजुक बताई जा रही है। महानगरपालिका के आयुक्त कैलाश जाधव ने घटना और मरीजों की मौतों की पुष्टि की है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
अस्पताल के कुछ लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि नासिक के जाकिर हुसैन अस्पताल में वॉल्व खुला रहने की वजह से ऑक्सीजन लीक हो गई। लीकेज बंद करने के लिए अस्पताल में सप्लाई रोक दी गई। उस वक्त अस्पताल में 67 मरीज वेंटिलेटर पर थे। जिन्हें ऑक्सीजन मिलनी बंद हो गई। ऐसे में 22 मरीजों ने दम तोड़ दिया।
हालत सुधर रही थी पर ऑक्सीजन रुकते ही मौत
इस घटना में एक महिला की भी मौत हुई है। उसके ससुर ने बताया कि 4 दिन पहले अस्पताल लेकर आए थे। हालात में लगातार सुधार हो रहा था। लेकिन ऑक्सीजन सप्लाई रुकते ही तबीयत खराब होने लगी और उसकी मौत हो गई।
मंत्री को मौतों की खबर नहीं
स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने इस मामले में कहा है कि हमें नासिक मंु ऑक्सीजन लीकेज की जानकारी मिली है। मैं लगातार वहां के प्रशासन से संपर्क में हूं और जानकारी ले रहा हूं। कितने लोगों की मौत हुई है, इस बारे में उन्होंने कुछ नहीं बताया। इसका मतलब यह समझा जाए कि मंत्री को मौत के आंकड़े पता नहीं थे। यह बहुत बड़ा सवाल है।


Leave a Reply