जितेन्द्र बच्चन/राष्ट्रीय जनमोर्चा
दिल्ली/गाजियाबाद। दिल्ली के सभी बॉर्डर से किसानों को घर भेजने के बाद आज बुधवार को गाजीपुर बार्डर (यूपी गेट) पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के नेतृत्व में किसानों ने ‘फतह मार्च’ निकाला और घर वापसी की। इस बीच किसानों का हुजूम उमड़ता रहा। किसान मसीहा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की प्रचलित ‘अमर ज्योति’ और उनका हुक्का पूरे मार्च के साथ रहा। एक साल पहले आंदालेनकारी इन दोनों चीजों को अपने साथ लेकर आये थे और अगर राकेश टिकैत की मानें तो उनके आंदोलन में उन्हें ये दोनों चीजें शक्ति प्रदान करते रहे।
उल्लेखनीय है कि राकेश टिकैत ने आंदोलन की शुरुआत में कहा था, जब तक बिल वापसी नहीं, तब तक घर वापसी नहीं। आज वह अपने मिशन में कामयाब रहे। कृषि से जुड़े तीनों नए कानून मोदी सरकार ने वापस ले लिए और किसानों की अन्य माँगों पर भी विचार करने के लिए सरकार ने आश्वासन दिया है। राकेश टिकैत ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से स्पष्ट कहा कि किसान की अन्य मांगों के मुद्दे पर नए वर्ष में 15 जनवरी को सरकार के साथ किसानों की बैठक होगी। उन्होंने कहा कि वह किसी की हार जीत नहीं मानते बल्कि समझौते के आधार पर सफलता मिली है। सरकार के वादे के अनुसार उन्हें उम्मीद है कि किसानों की सभी माँगें मान ली जाएंगी।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रेस प्रभारी शमशेर राणा ने बताया कि चार दिन पहले घर लौट चुके किसान आज फिर ‘फतह मार्च’ में शामिल होने के लिए यूपी गेट पहुंचे। यह मार्च गाजियाबाद एलिवेटिड रोड से मोदीनगर, मेरठ मंसूरपुर होते हुए सोरम गाँव पहुँचा। राजनगर एक्सटेंशन, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर आदि स्थानों पर गाँवों से आये किसान फूल-मालाओं से राकेश टिकैत का पूरे रास्ते स्वागत करते रहे। बाद में राकेश टिकैत देश के सभी खाप चौधरियों से आशीर्वाद लेकर अपने गाँव सिसौली के लिए रवाना हो गए। उनके साथ राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष चौधरी गौरव टिकैत और तराई क्षेत्र के वरिष्ठ नेता जगतार सिंह बाजवा के अलावा विपिन चौधरी, बिल्लू प्रधान, अनुज, चौधरी विजेंद्र सिंह, चौधरी राजवीर सिंह, जितेंद्र, नरेंद्र, अमित त्यागी, मांगेराम त्यागी, सरदार दलबीर सिंह, चौधरी राज सिंह, राजेंद्र सिंह, जय कुमार मलिक, पप्पी नेहरा, राम अवतार त्यागी आदि बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


Leave a Reply