PIIT कालेज ग्रेटर नोएडा ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जितेन्द्र बच्चन को किया सम्मानित

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। पीआईआईटी कॉलेज ग्रेटर नोएडा ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर वरिष्ठ पत्रकार व सामाजिक चिंतक डॉ. जितेन्द्र बच्चन को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया है। बच्चन ने इस अवसर पर कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस स्वास्थ्य, कल्याण व शांति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। भारत की यह प्राचीन परंपरा है। इसके मनाने का उद्देश्य शारीरिक, मानसिक व आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है। योग का अभ्यास वैश्विक समरसता एवं शांति को प्रोत्साहित करता है। हम सभी को योग को अपने जीवन में अवश्य अपनाना चाहिए।
विश्व योग दिवस पर ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित पीआईआईटी कॉलेज ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया। मुख्य अतिथि कुमाऊं गढ़वाल यूनिवर्सिटी उत्तराखंड के पूर्व कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) बलवंत सिंह राजपूत, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक चिंतक डॉ. जितेन्द्र बच्चन, दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता आनंद साहू और दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर अनुराग मिश्रा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
पीआईआईटी के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह ने उपरोक्त अतिथियों को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उनके अलग-अलग उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें साल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया है। साथ ही आतिथ्य स्वीकार करने के लिए उनके प्रति आभार भी जताया है। कार्यक्रम में योग निर्देशक के रूप में उपस्थित एसएन चतुर्वेदी, योग गुरु विनोद एवं जितेंद्र ने विभिन्न योग एवं प्राणायाम के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। साथ ही योग का अभ्यास कराते हुए उसके लाभ के बार में जनकारी दी। जबकि प्रोफेसर राजपूत ने योग के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि योग दर्शन भारतीय षष्ठ दर्शनों में से एक महत्वपूर्ण दर्शन है, जिसका जनक भारत है। आज संपूर्ण विश्व में योग का गुणगान हो रहा है, जिसका संपूर्ण श्रेय भारत को जाता है।
भाजपा नेता आनंद साहू ने योग क्रियाओं के लाभ से अवगत कराया और स्पष्ट किया कि भारत सरकार जन-जन तक योग को पहुंचाने के लिए संकल्पित व प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है। मंच संचालन प्रोफेसर बीएस रावत ने किया। कार्यक्रम में मैडम मिथिलेश एवं जागेश ने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम एवं योग गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरी। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर आर. के. शाक्य ने सभी को योग करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर संस्थान के सभी प्राध्यापक, सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*