पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से 12वीं बार किया ध्वजारोहण

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नयी दिल्ली। आज देश 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। कश्मीर से कन्याकुमारी और मुंबई-अहमदाबाद से लेकर गुवाहाटी व शिलांग तक लोग आजादी के जश्न में डूबे हुए हैं। हर तरफ देश का राष्ट्रीय ध्वज शान से फहरा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार की सुबह 12वीं बार लालकिले की प्राचीर से ध्वजारोहण किया। साथ ही भारतीय सेना के शौर्य को नमन किया।
पीएम मोदी ने लालकिले से देश को संबोधित करते हुए ऑपरेशन सिंदूर, आत्मनिर्भर भारत, जीएसटी में बदलाव समेत तमाम मुद्दों का जिक्र किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले से कई बड़ी योजनाओं का एलान किया। जीएसटी में बदलाव करने की बात कहकर आम आदमी को बड़ी राहत दी। साथ ही युवाओं को रोजगार योजना का तोहफा दिया। जबकि ट्रंप को संदेश देते हुए मोदी ने कहा, ‘मोदी दीवार की तरह खड़ा, किसानों के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेंगे।’
उल्लेखनीय है कि इस बार के स्वतंत्रता दिवस समारोह का थीम है – स्वतंत्रता का सम्मान करें, भविष्य को प्रेरित करें। शुक्रवार की सुबह 7:21 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले पर पहुंचे और उसके कुछ देर बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रीय गान हुआ। इससे पहले सेना, नौसेना और वायुसेना द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। तत्पश्चात पीएम मोदी ने राष्ट्र को संबोधित किया और राष्ट्रीय एकता व तकनीकी प्रगति पर उन्होंने अपना भाषण केंद्रित रखा।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*