राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
लखनऊ। सामाजिक, शैक्षणिक, साहित्यिक एवं रचनात्मक कार्यों के प्रति समर्पित स्वयंसेवी संस्था सुनैना फाउंडेशन ने एक बार फिर अपने कार्यों को गति देकर छात्राओं को शिक्षा से जोड़ने का व्यापक कदम बढ़ाते हुए एक अमिट छाप छोड़ी है। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को संस्था सचिव कल्पनाथ राय शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित एक सादे समारोह में मुख्य अतिथि जिला प्रोबेशन अधिकारी सुधाकर शर्मा पाण्डेय एवं विशिष्ट अतिथि ने कई छात्राओं को कम्प्यूटर साक्षरता कार्यक्रम के लिए प्रमाण पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया।
श्री पाण्डेय ने संस्था के सभी गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से विद्यार्थियों में आगे बढ़ने की चेतना जागृत होती है। जबकि विशिष्ट अतिथि ने छात्राओं को कम्प्यूटर साक्षरता कार्यक्रम से जोड़ने को संस्था का अपने आप में एक अनूठा प्रयास बताया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से लड़कियों को जोड़ना आज की प्रथम आवश्यकता है।
संस्था के सचिव श्री शर्मा ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। साथ ही अपने आगामी योजनाओं को भी रेखांकित किया। संस्था के समन्वयक दीपक श्रीवास्तव ने आगंतुक अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था द्वारा समय-समय पर किए जा रहे सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों को दर्शाया। इस अवसर पर संजय पटेल, प्रिया आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply