राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर की पुलिस ने सेक्टर-49 क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस तलाश रही है। डीसीपी (महिला एवं बाल सुरक्षा) वृंदा शुक्ला ने राष्ट्रीय जनमोर्चा को बताया, ‘रंगे हाथों तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि चौथा आरोपी फरार है। इसके अलावा तीन युवतियों को भी हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी रही।’
नोएडा पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) के प्रभारी देवेंद्र यादव के अनुसार पिछले कई दिनों से आरोपी ऑनलाइन वाट्सएप के जरिए ग्राहकों से संपर्क करते थे। ऐसी जानकारी मिलने पर गुरुवार की शाम यूनिट ने छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। टीम का नेतृत्व एसीपी (तृतीय) श्यामजीत सिंह ने किया। पकड़े गए आरोपियों अनुराग, दानवेंद्र और शैलेंद्र यादव के कब्जे से तीन मोबाइल फोन व 3500 रुपये नकद बरामद हुए हैं। दो आरोपी हमीरपुर के निवासी हैं, जबकि शैलेंद्र भिंड मध्य प्रदेश का रहने वाला बताया गया है। चौथा आरोपी फरार है, पुलिस उसे तलाश रही है।
आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि वेबसाइट और व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से ग्राहकों से बात की जाती थी। डील होने पर लड़कियों के माध्यम से अनैतिक देह व्यापार का कारोबार किया जाता था। प्रति ग्राहक 3000 रुपये तक वसूला जाता था, जबकि प्रति ग्राहक 1000 रुपये लड़कियों को दिए जाते थे। बाकी बिचौलिए खा जाते थे।
डीसीपी वृंदा शुक्ला के अनुसार एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट द्वारा अनैतिक व्यापार में संलिप्त गिरोह का पदार्फाश किया गया। यह व्यापार सेक्टर 49 के एक गेस्ट हाउस में चलाया जा रहा था और यहां से तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी संचालक के रूप में यहां काम कर रहे थे। तीन लड़कियों को भी हिरासत में लिया गया है। हालांकि अभी इसकी जांच की जा रही है कि क्या ये लड़कियां इस व्यापार को चलाने में संलिप्त थीं या ट्रैफिकिंग की शिकार हुई थीं। जांच के बाद ही इनकी गिरफ्तारी पर फैसला होगा।


Leave a Reply