रविंद्र कुमार गाजियाबाद के DM तो मेधा रूपम को नोएडा की कमान

गाजियाबाद के नवनियुक्त जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
– गोरखपुर, प्रयागराज, बहराइच, मिर्जापुर, कासगंज, गोंडा, ललितपुर और कानपुर देहात के डीएम भी बदले गए
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुस्त-दुरस्त प्रशासन देने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं। दिन हो रात, उनके लिए कोई फर्क नहीं पड़ता। तभी तो सोमवार देर रात प्रदेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 23 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। रविंद्र कुमार मांदड़ को गाजियाबाद का नया डीएम बनाया गया है तो मेधा रूपम को नोएडा की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा गोरखपुर, प्रयागराज, बहराइच, मिर्जापुर, कासगंज, गोंडा, ललितपुर और कानपुर देहात में भी नए डीएम नियुक्त किए गए हैं।
गाजियाबाद में कुछ दिन पहले ही आईएएस दीपक मीणा को डीएम बनाया गया था। अब एक बार फिर उनका तबादला कर उन्हें सीएम योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र गोरखपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रयागराज में नियुक्त रहे डीएम 2013 बैच के आईएएस अधिकारी रवींद्र कुमार मांदड़ को गाजियाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया है। जबकि अफसरों का वेतन रोकने वाली गोंडा की तेज तर्रार डीएम नेहा शर्मा को हटा दिया गया है।
आईएएस मनीष वर्मा को प्रयागराज का डीएम, प्रणय सिंह को कासगंज, कपिल सिंह को कानपुर देहात, अक्षय त्रिपाठी को बहराइच, अमन दीप डुली को ललितपुर, पवन कुमार गंगवार को मीरजापुर और आइएएस प्रियंका निरंजन को गोंडा का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया। जबकि गोंडा की जिलाधिकारी रही आईएएस नेहा शर्मा को प्रभारी महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है।
बहराइच की जिलाधिकारी रही मोनिका रानी को विशेष सचिव बेसिक शिक्षा विभाग एवं अपर महानिदेशक स्कूल शिक्षा की जिम्मेदारी सौंप गई है। गौरव दयाल को गृह विभाग का सचिव बनाया गया है। राजेश कुमार को अयोध्या का कमिश्नर नियुक्त किया गया है। कृष्ण करुणेश को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।
आईएएस जय नाथ यादव को विशेष सचिव कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा उत्तर प्रदेश शासन, प्रणता ऐश्वर्या को मुख्य विकास अधिकारी सीतापुर और मिनिष्ती एस को गन्ना आयुक्त उत्तर प्रदेश नियुक्त गया है। प्रमोद कुमार उपाध्याय को समाज कल्याण विभाग में सचिव बनाया गया है। डॉ. सारिका मोहन को वित्त विभाग में सचिव, अमृत त्रिपाठी को उच्च शिक्षा विभाग में सचिव और विमल कुमार दुबे को कमिश्नर झांसी के साथ ही मुख्य कार्यपालक अधिकारी बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण झांसी के पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*