प्रख्यात नृत्यांगना अनुराधा शर्मा संगीत नाटक अकादमी की सदस्य नियुक्त

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी ने नोएडा की प्रख्यात नृत्यांगना एवं समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ की अध्यक्ष अनुराधा शर्मा को सदस्य नियुक्त किया है। इस अवसर पर प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने लखनऊ में एक बैठक कर अकादमी के सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों को दिश-निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी लगातार संगीत, नृत्य, लोक संगीत, लोकनाट्य की परम्पराओं के प्रचार–प्रसार, संवर्धन एवं परिरक्षण का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि प्रदेश में संगीत नृत्य नाटक लोक विधाओं सम्बन्धी परम्पराओं के विषय में अधिक जागरूकता एवं जानकारी, नवोदित प्रतिभाशाली युवा कलाकारों को प्रोत्साहन, नवीन प्रतिभाओं का विकास एवं उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण, सांस्कृतिक कार्यकलापों का विकेन्द्रीकरण, प्रदेश के विभिन्न अंचलों में कार्यरत स्वैच्छिक संस्थानों से सम्पर्क एवं उनके कार्यकलापों में सहायता, लुप्त हो रही विधाओं के परिरक्षण एवं प्रदर्शनी की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर सम्पन्न कराना, साथ ही सर्वेक्षण एवं सर्वेक्षण के आधार पर कार्यक्रमों को तैयार कर उन्हें जनता के समक्ष लाना अकादमी की गतिविधियों में शामिल है।
अकादमी की नवनियुक्त सदस्य अनुराधा शर्मा एक बेहतरीन कलाकार हैं। कत्थक में परांगत हैं और समाजसेवा के क्षेत्र में भी वह हमेशा अग्रणी रही हैं। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया ने अनुराधा शर्मा को राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान से नवाजा है। इसके अलावा भी उन्हें कई सम्मान मिले हैं। नृत्य शिक्षक के रूप में भी अनुराधा शर्मा दिल्ली एनसीआर में जानी जाती हैं। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने अनुराधा शर्मा को अकादम का सदस्य नियुक्त होने पर बधाई दी है।
कई अन्य संस्थाओं के प्रमुखों ने भी जहां अनुराधा शर्मा को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं, वहीं उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी ने जब उन्हें अकादमी का सदस्य नियुक्त किया तो एक बार उन्हें यकीन ही नहीं हुआ। वह आश्चर्यचकित रह गईं। बाद में पता चला कि उनकी मेहनत रंग लाई है। ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से की गई बातचीत में सरकार के इस फैसले पर अनुराधा शर्मा कहती हैं, “हमारे लिए यह गर्व का क्षण है।”

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*