राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) एवं जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने कहां है कि बाबा साहब ने समाज के सभी वर्गों को समान अवसर प्राप्त करने के लिए सामाजिक न्याय को संविधान के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की नीति पर काम कर रही है।
असीम अरुण गुरुवार को आयोजित ‘अमृत काल में सहभागिता’ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। यह कार्यक्रम समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें जिले के युवाओं को उद्यमिता के प्रति जागरूक किया गया और वित्तीय सहायता कैसे प्राप्त हो, इसकी जानकारी दी गई। प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने कहा कि पिछली सारकारों में योजनाएं सिर्फ कागजों तक ही सीमित रहती थीं। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंच रहा है।
सांसद अतुल गर्ग ने युवाशक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि आप कुछ नया करना चाहते हैं तो बस आपका एक कदम बढ़ाने की देर है। यह आत्मविश्वास से भारत युवा शक्ति से भरपूर भारत है जो कभी रुकता नहीं, जो कभी थकता नहीं। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने सरकार की रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी जिले के युवाओं को प्रदान की। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और विद्यार्थियों को मोबाइल भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बीजेपी महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, ब्लॉक प्रमुख भोजपुर श्रीमती सुचेता सिंह, सीडीओ अभिनव गोपाल, संयुक्त निदेशक समाज कल्याण मेरठ मंडल पीके त्रिपाठी, जिला सूचना अधिकारी वाईपी सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी गाजियाबाद अमरजीत सिंह आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूनम शर्मा ने किया।


Leave a Reply