समर्थ नारी संगठन ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मनाई होली

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। महिला सशक्तिकरण के लिए कवि नगर के एम ब्लॉक में समर्थ नारी संगठन ने स्थानीय महिलाओं के साथ शनिवार को बड़ी धूमधाम से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया। सर्वप्रथम एक बैठक कर महिलाओं की ऊर्जा, उपलब्धियों और समाज में उनके योगदान पर चर्चा की गई। प्रेरणादायक कविताओं और विचारों के आदान-प्रदान के बीच पता चला कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में कैसे आगे बढ़ रही हैं और उनका आत्मबल कितना ऊंचा है। वे तमाम चुनौतियों के बावजद देश की तरक्की में साथ दे रही हैं।
महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ इस आयोजन में रंगों के त्योहार होली का उत्साह भी देखने को मिला। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कुछ महिलाओं ने होली से जुड़ी काव्य रचनाएं प्रस्तुत कीं, जिससे माहौल और भी रंगीन हो गया। गुजिया बांटकर आयोजन का समापन मिठास और सौहार्द के साथ किया गया। महिलाओं का यह प्रयास निश्चित ही नारी शक्ति को संगठित करने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को और मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*