राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आईटी प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय द्वारा आयोजित ई संगोष्ठी में अनेक विद्वजनों एवं छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। डॉ कमलेश भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित ‘महिला सशक्तीकरण- विविध आयाम’ विषय पर संगोष्ठी में मुख्य वक्ता डॉ रीना शर्मा ने महिलाओं को आज की परिस्थितियों में नयी चुनौतियों का सामना करने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जानी मानी समाजसेवी श्रीमती दलवीर कौर ने बताया कि अनेक महिलाएं जो असीमित विशेषताओं एवं गुणों से संपन्न होते हुए भी समाज में सीमित भूमिका में ही रहती आयी हैं, को स्वयं को नयी भूमिका का निर्वहन करने के लिए तैयार रखना आवश्यक है। विशिष्ट वक्ता डॉ प्रियंका सिंह ने भी बहुत ही प्रासंगिक एवं प्रेरक उद्बोधन से सभी सहभागियों विशेषकर छात्राओं को अभिप्रेरित किया।
कॉलेज प्राचार्य प्रो. अखिलेश मिश्र ने वैश्विक उन्नति के लिए महिला शक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। कॉलेज प्राचार्य ने मुख्य अतिथि श्रीमती दलवीर कौर, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ कमलेश भारद्वाज, विशिष्ट वक्ता डॉ प्रियंका सिंह, कार्यक्रम संयोजक डॉ उर्विजा शर्मा का विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही सभी सहभागियों व छात्र-छात्राओं को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।


Leave a Reply