व्रतियों ने उदयगामी सूर्य को दिया अर्घ्य, महापर्व छठ का समापन

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। लोक आस्था का महापर्व छठ पूरे जिले में धूमधाम से मनाई गई। इस बीच ‘सुनी न अरजिया हमार ए छठी मईया…’, ‘दिहीं आशीष हजार…’, ‘कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए…’, ‘घाट पर हमहूं अरघिया देइबे हे छठी मईया…’ जैसे भक्ति गीत से घरों से लेकर घाटों तक गूंजते रहे। कासना नहर, हरनंदी समेत ग्रेनो वेस्ट की ज्यादातर सोसायटियों में छठ महापर्व पर भव्य तरीके से मनाया गया। महिला उन्नति संस्था के सदस्यों ने भी सेक्टर-110 में बने तालाब में अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देकर सूर्योपासना और आस्था के महापर्व छठ मईया की पूजा की। जबकि आज गुरुवार को उदयगामी सूर्यदेव को अर्घ्य देने के पश्चात सूर्योपासना एवं आस्था का महापर्व का समापन हो गया।
संस्था की जिला महासचिव वंदना झा ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि छठ पर्व पर सूर्योपासना का बहुत महत्व है। यह एक मात्र ऐसा पर्व है जिसमे अस्ताचलगामी सूर्य की उपासना की जाती है। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए लगातार लोगों को जागरूक किया। इस दौरान मनोज झा, सुषमा झा, अंजू ओझा, आरती शर्मा, शालिनी दुबे, पंकज त्रिपाठी, मानस झा, देव कुमार चौबे आदि मौजूद रहे।
मनोज झा से भी ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ के इस संवाददाता ने बातचीत की। उन्होंने बताया कि छठ की एक ऐसी पूजा है, जिसमें पंडित-पुजारी नहीं होता, जिसमें भगवान प्रत्यक्ष होते हैं, जिसमें डूबते सूर्य की भी पूजा करते हैं, जिसमें व्रति जाति समुदाय से परे हैं। जिसमें सिर्फ भक्ति के लोकगीत गाते हैं, जिसमें पकवान सिर्फ घर का बना होता है, जिसमें घाट पर कोई ऊंच-नीच नहीं है, जिसमें प्रसाद अमीर-गरीब श्रद्धा से ग्रहण करते हैं। उन्होंने देशवासियों को छठ की बधाई देते हुए कहा, ‘ऐसे सामाजिक सौहार्द, सद्भाव, शांति, समृद्धि और सादगी के इस महापर्व छठ की असीम शुभकामनाएं।’
उल्लेखनीय है कि समृद्धि, पुत्र प्राप्ति व मंगलकामना के महापर्व छठ पर बुधवार की शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया गया। इस अवसर पर इस महानगर में विभिन्न स्थानों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। बुधवार, 10 नवम्बर की शाम होने से पहले ही व्रती तालाबों व नदियों पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए पहुंचने लगे। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसायटियों में भी पर्व की धूम रही। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा, बीटा, गामा, ईटा आदि सेक्टरों में रह रहे लोगों ने कासना नहर, आईईसी कालेज, नवादा स्थित शनि मंदिर, कुलेसरा स्थित हरनंदी व सेक्टरों में बने अस्थायी घाट पर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।
ग्रेनो वेस्ट की गौर सिटी, ईकोविलेज, पामओलंपिया, स्टेलर जीवन, पंचशील ग्रींस आदि सोसायटी के निवासियों ने सोसायटी के स्वीमिग पूल में खड़े होकर सूर्य देव व छठ मैया की पूजा की। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण ने भी शहर में लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अस्थायी घाट बनाए, जहां पूरे परिवार के साथ व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे और आज सुबह भी उगते सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे के इस व्रत का समापन किया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*