राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। सशक्त महिलाएं दुनिया को सशक्त बनाती हैं। वह हर बाधा को तोड़ती हुई खुद के लिए लड़ती हैं। लेकिन जब समाज में समानता की बात आती है तो यह काफी कम देखने को मिलता है। इस कमी को खत्म करने के लिए समर्थ नारी समर्थ भारत संस्था लगातार देश में काम कर रही है। शनिवार को महिला समानता दिवस के अवसर पर इस संस्था की कई सदस्यों ने शूटिंग रेंज में हिस्सा लिया। साथ ही संस्था की राष्ट्रीय महासचिव प्रिया वर्मा ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा व महिलाओं को समान अधिकार देने के बारे में जागरूक किया।
इस अवसर पर गाजियाबाद में समर्थ नारी समर्थ भारत की से जुड़ी अंजलि धारीवाल, विदुषी, दीक्षा ने गाजियाबाद शूटिंग क्लब के सीनियर कोच एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शिवम त्यागी, कोच राकेश शर्मा के नेतृत्व में ट्रेनिंग ले रहे राष्ट्रीय खिलाडी काजल त्यागी, दिया धारीवाल, राधिका सिंह, आहना कुमार और श्वेता चौधरी के साथ पिछली प्रतियोगिताओं में स्वर्ण व रजत पदक जीत चुकी 60 वर्षीय मंजू त्यागी और 48 वर्षीय गीतिका श्रीवास्तव से उनके अनुभव जाने। निधि गर्ग, आरणा सिंह एवं अवंतिका फिजिकल ट्रेनर – शिखा सेहरावत ने भी अपने अनुभव बांटे। इस बीच उनका आत्मविश्वास और परिवार से मिलने वाला सहयोग झलक रहा था।
लेकिन तमाम खूबियों के बावजूद अभी भी महिला समानता के लिए बहुत कुछ करना बाकी है। प्रिया वर्मा ने बताया कि शीघ्र ही गाजियाबाद शूटिंग रेंज और समर्थ नारी समर्थ भारत के सहयोग से महिलाओं की एक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। अंत में उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम के माध्यम से हमारा मुख्य उद्देश्य उन महिलाओं के संघर्षों को सम्मान देना है, जिन्होंने जीवनभर समान अधिकारों की पैरवी की और अंततः उनकी विजय भी हुई।


Leave a Reply