वेबसाइट के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अउआ देगा रोजगारपरक जानकारी

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। इलाहाबाद विश्वविद्यालय पुराछात्र संघ (अउआ) अपनी वेबसाइट के माध्यम से विश्वविद्यालय के वर्तमान छात्र-छात्राओं को रोजगारपरक जानकारी देगा। यह निर्णय अउआ ने कार्यकारिणी की एक बैठक में लिया है। साथ ही रजत जयंती समारोह आयोजित करने व स्मारिका ‘त्रिपथगा’के विमोचन की तारीख पर भी अंतिम मोहर लग गई है।
बैठक की अध्यक्षता अउआ के अध्यक्ष रिटा. आईएएस एसके सिंह ने की और महासचिव रिटा. मुख्य कर आयुक्त डॉ. शिखा दरबारी ने संचालन किया। रिटा. आईपीएस आरके चतुर्वेदी, रिटा. पीसीएस जितेन्द्र सिंह, संस्था के कोषाध्यक्ष व उद्योगपति विकास शर्मा, उपाध्यक्ष व अधिवक्ता डीसी श्रीवास्तव, एएलटी सेंटर के रिटा. महाप्रबंधक एमके सेठ, औद्योगिक सलाहकार राहुल सक्सेना, उद्यमी अखिलेश शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार अजय औदीच्य, विवेक मिश्रा, विनोद त्रिपाठी और प्रतीक बिल्डर्स के प्रबंधक आलोक सिन्हा बैठक में उपस्थित रहे।
अउआ ने अपनी वेबसाइट को अपडेट करने व उसके माध्यम से विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए रोजगारपरक कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया है। उन्हें रोजगार मुहैया कराने के लिए जानकारियां साझा की जाएंगी और आवश्यक दिशा-निर्देश वाले कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि अउआ के गठन को 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में होने वाला रजत जयंती समारोह गाजियाबाद में 5 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को व्यापक रूप देने के लिए जल्द ही एक कमेटी का गठन होगा, जो रजत जयंती समारोह की जिम्मेदारियों का वहन करेगी। अउआ कार्यकारिणी की अगली बैठक 12 जुलाई को आयोजित की जाएगी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*