महिलाओं का विकास हमारी प्राथमिकता: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
हाथरस। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिलाओं का विकास हमारी प्राथमिकता है। आज सरकार की सभी योजनाओं का लाभ गरीबों को मिल रहा है। गांव, गरीब, किसान, नवजवान और महिलाएं डबल इंजन की सरकार के एजेंडे में हैं। पिछले साढ़े नौ साल के अंदर हमने नए भारत का दर्शन किया है, जिसमें किसी के साथ जाति, धर्म और लिंग के आधार पर कोई भेदभाव नहीं हो रहा है। महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित करते हुए उनको आगे लाया जा रहा है।
गुरुवार को उत्तर प्रदेश के सीएम योगी सेठ फूल चंद बांग्ला पीजी कॉलेज में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान 177.29 करोड़ रुपये की 214 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/ शिलान्यास भी किया। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
बन रहीं नई-नई योजनाएं :
सीएम योगी ने कहा कि साढ़े नौ वर्षों में देश को बदलते हुए देखा है। वहीं साढ़े छह वर्ष में प्रदेश में परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि आज हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। आज के भारत में जाति, मत, मजहब, क्षेत्र, भाषा या लिंग के आधार पर किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होता है। अब सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ कार्य किया जा रहा है। जिन्हें विशेष प्रोत्साहन दिए जाने की आवश्यकता है उनके लिए नई-नई योजनाएं बन रही हैं।
सरकार का उद्देश्य, बेटियां आगे बढ़ें :
सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार की सोच विकास की है। इसी के अंतर्गत सरकार सड़क, पेयजल, स्टेडियम सहित अपने तमाम कार्यक्रम को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि जैसे एशियाई खेलों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बेटियों ने कमाल किया। वैसे ही हाथरस जनपद में भी बेटियां आगे बढ़ें। सीएम योगी ने कहा कि हमारी सरकार ने यह तय किया है कि एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल लेकर आने वाली बेटियों को हम डिप्टी एसपी बनाएंगे। सीएम योगी ने कहा कि बेटा और बेटी में कोई भेदभाव न हो इसके लिए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत मिलने वाली धन राशि को हमारी सरकार ने बढ़ा दिया है। इसके तहत मिलने वाली 15 हजार की राशि को बढ़ाकर हमने 25 हजार कर दिया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे मौजूद :
कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की मंत्री बेबी रानी मौर्य, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, हाथरस सांसद, राजवीर सिंह, राज्यसभा सांसद गीता शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय सहित भारी संख्या में जनपद और उसके आस-पास की महिलाएं उपस्थित थीं।

admin
About admin 3409 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*